फिल्म 'बॉर्डर' में जिस भैरोंसिंह के किरदार में दिखे थे सुनील शेट्टी, उस वीर योद्धा ने दुनिया को कहा अलविदा

फिल्म 'बॉर्डर' में जिस भैरोंसिंह के किरदार में दिखे थे सुनील शेट्टी, उस वीर योद्धा ने दुनिया को कहा अलविदा

भारत-पाकिस्तान के बीच हुए 1971 की जंग के नायक भैरों सिंह राठौड़ इस दुनिया को अलविदा कह चुके हैं। उन्होंने राजस्थान के जोधपुर अस्पताल में अंतिम सांस ली। भैरों सिंह राठौर को तेज बुखार और सीने में दर्द के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इस अस्पताल में उनकी मृत्यु हो गई। भैरो सिंह राठौर 1987 में बीएसएफ से सेवानिवृत्त हुए। भैरों सिंह भारत और पाकिस्तान के बीच हुए युद्ध में भी शामिल थे। भैरोसिंह के निधन पर बॉलीवुड एक्टर सुनील शेट्टी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर श्रद्धांजलि दी। सुनील शेट्टी ने फिल्म 'बॉर्डर' में भैरों सिंह राठौर की भूमिका निभाई थी। उनके निधन से अभिनेता को गहरा दुख हुआ है।

वीरता के लिए सेना मेडल से सम्मानित

लोंगेवाला पोस्ट पर 1971 के युद्ध प्रदर्शन के लिए 81 वर्षीय भैरों सिंह राठौर को वीरता के लिए सेना पदक से सम्मानित किया गया था। बीएसएफ के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से कल उनके निधन की जानकारी दी गई है। ट्वीट में लिखा था, 'डीजी बीएसएफ और सभी रैंकों ने 1971 के लोंगेवाला युद्ध के नायक, सेना पदक से सम्मानित भैरों सिंह राठौर के निधन पर शोक व्यक्त किया।'

सुनील शेट्टी ने भैरों सिंह के निधन पर ट्वीट किया

बॉलीवुड अभिनेता सुनील शेट्टी भैरों सिंह राठौड़ के निधन से बेहद दुखी हैं। सुनील ने बीएसएफ के ट्वीट को रीट्वीट करते हुए लिखा, 'रेस्ट इन पावर नायक भैरों सिंह जी। परिवार के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं।’ सुनील शेट्टी ही नहीं बल्कि कई और लोगों ने भी भैरों सिंह को श्रद्धांजलि दी है।

'बॉर्डर' में भैरोंसिंह के किरदार में दिखे थे सुनील शेट्टी

1997 में आई बॉलीवुड फिल्म 'बॉर्डर' काफी हिट रही थी। यह फिल्म भारत-पाकिस्तान युद्ध पर आधारित थी और इसमें कई दिग्गज अभिनेताओं ने अभिनय किया था। इस फिल्म में सुनील शेट्टी ने देश के एक वीर योद्धा भैरोंसिंह की अहम भूमिका निभाई थी। फिल्म में सुनील के अलावा सनी देओल, जैकी श्रॉफ, अक्षय खन्ना, सुदेश बेरी, पुनीत इस्सर और कुलभूषण खरबंदा, तब्बू, राखी, पूजा भट्ट और शरबानी मुखर्जी जैसे कई कलाकारों ने अहम भूमिका निभाई थी।