अहमदाबाद : आज हम सभी देश को अधिक महत्व दे रहे हैं और ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की संकल्पना को कर रहे हैं साकार : सीएम भुपेंद्र पटेल

अहमदाबाद :  आज हम सभी देश को अधिक महत्व दे रहे हैं और ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की संकल्पना को कर रहे हैं साकार : सीएम भुपेंद्र पटेल

देश की अर्थव्यवस्था में गुजरात और कर्नाटक का भी उल्लेखनीय योगदान रहा है

मुख्यमंत्री भुपेंद्र पटेल की प्रेरक उपस्थिति में अहमदाबाद में कर्नाटक संघ-अहमदाबाद की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर हीरक जयंती समारोह के अंतर्गत ‘कर्नाटक दर्शन 2022’ का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने कहा कि हेरिटेज सिटी अहमदाबाद में आयोजित कर्नाटक दर्शन-2022 के उद्घाटन अवसर पर उपस्थित रहकर वे खुशी का अनुभव कर रहे हैं। देश की आजादी के 75 वर्ष पूरे होने के साथ ही कर्नाटक संघ-अहमदाबाद की भी 75वीं वर्षगांठ है, जो एक सुखद संयोग है। आज हमें आजादी के इतने वर्षों के बाद एक ऐसा मजबूत नेतृत्व मिला है कि हम सभी अपने गांव, शहर या अपने राज्य के बजाय अपने देश को ज्यादा महत्व दे रहे हैं और ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की संकल्पना को साकार कर रहे हैं।

बरसों पूर्व कर्नाटक से यहां आकर बसे लोग आज दूध में चीनी की तरह घुल-मिल गए हैं


उन्होंने कहा कि बरसों पूर्व कर्नाटक से यहां आकर बसे लोग आज दूध में चीनी की तरह घुल-मिल गए हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्रभाई के नेतृत्व में गुजरात के अविरत विकास में यहां आकर बसे आप जैसे विशेष गुजरातियों का भी योगदान है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में हरेक राज्य एक बनकर देश की विकास यात्रा में सहभागी बनने को प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि आज गुजरात ने बहुत कम समय में ही राष्ट्रीय खेलों का आयोजन किया है। इतना कम समय मिलने के बावजूद राज्य ने देशभर के खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय सुविधाएं मुहैया कराकर राष्ट्रीय खेलों का सफल आयोजन किया है, जो गुजरात के डेवलपमेंट मॉडल और सर्वांगीण विकास के कारण संभव हुआ है।

गुजरात और कर्नाटक का भी देश की अर्थव्यवस्था में उल्लेखनीय योगदान रहा 


मुख्यमंत्री ने कहा कि कोविड के बाद दुनिया के कई बड़े देशों की अर्थव्यवस्था पर संकट छा गया था, लेकिन हमारी अर्थव्यवस्था नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में दुनिया में छठे से पांचवें स्थान पर पहुंच गई है। गुजरात और कर्नाटक का भी देश की अर्थव्यवस्था में उल्लेखनीय योगदान रहा है। आने वाले समय में भी दोनों राज्य इसी तरह एक होकर देश के विकास में सहभागी बनेंगे।

कर्नाटक स्वामी विवेकानंद और रामकृष्ण परमहंस की भूमि : मंत्री प्रहलाद जोशी


केंद्रीय संसदीय संसदीय कार्य, कोयला एवं खान मंत्री प्रहलाद जोशी ने कहा कि कर्नाटक स्वामी विवेकानंद और रामकृष्ण परमहंस की भूमि है। कर्नाटक के विकास में गुजरातियों ने भी अहम योगदान दे रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विजन के कारण ही आज देश वैश्विक अर्थव्यवस्था में पांचवे स्थान पर पहुंचा है, जिसमें गुजरात और कर्नाटक, दोनों राज्यों का महत्वपूर्ण योगदान है। श्री जोशी ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अवसर पर हमने अपनी अनूठी राष्ट्रीय एकता के दर्शन कराए थे। कोरोना के समय में हमने इतने बड़े पैमाने पर टीकाकरण कर सामूहिक प्रयासों के जरिए सफलता का एक और परिचय दिया था। 
अहमदाबाद में कर्नाटक संघ की 75वीं वर्षगांठ के हीरक जयंती समारोह में मुख्यमंत्री का सम्मान किया गया

बरसों पूर्व कर्नाटक से गुजरात आकर बसे कर्नाटक वासी आज ‘सवाया गुजराती’ यानी विशेष गुजराती बन गए हैं : गृह राज्य मंत्री हर्ष संघवी


राज्य के गृह राज्य मंत्री हर्ष संघवी ने कहा कि आज कर्नाटक संघ अपनी स्थापना की 75वीं वर्षगांठ मना रहा है साथ ही देश भी आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है। उन्होंने कहा कि, भले ही हम सभी व्यापार-रोजगार के लिए अलग-अलग राज्य या शहरों में बसे हैं, हरेक राज्य में अलग-अलग जात-पात या संस्कृति के लोग बसे हों, लेकिन ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के दौरान हम सभी ने एक साथ मिलकर ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ का ऐसा अनूठा दृश्य प्रस्तुत किया था जिसे पूरी दुनिया ने देखा था।
श्री संघवी ने कहा कि आजादी के समय अहमदाबाद में 100 से अधिक टेक्सटाइल मिलें थीं, जिसमें काम करने के लिए कर्नाटक से कई लोग यहां आकर बसे थे। आज ये सभी लोग कर्नाटक के कम और गुजराती ज्यादा बन गए हैं। आज वे ‘सवाया गुजराती’ यानी गुजराती से बढ़कर विशेष गुजराती बन गए हैं। उन्होंने कहा कि आज गुजरात में टेक्सटाइल, शिक्षा, बैंकिंग और सॉफ्टवेयर जैसे विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत 4 लाख से अधिक कर्नाटक के लोग गुजरात के विकास में अपना योगदान दे रहे हैं। इसी तरह, गुजरात के युवा भी आज शिक्षा के लिए बड़ी संख्या में कर्नाटक जाते हैं।

गुजरात और कर्नाटक की यह नंबर 1 जोड़ी है


गृह राज्य मंत्री ने कहा कि गुजरात और कर्नाटक की यह नंबर 1 जोड़ी है। गुजरात में बसे सभी अन्य राज्यों के लोग 2002 से गुजरात के संघर्ष और साहस की विकास यात्रा में सहभागी बने हैं और गुजरात के विकास-रथ के सारथी रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि गुजरात और कर्नाटक के संबंध इसी तरह एक-दूसरे के विकास में योगदान देने वाले बने रहेंगे। उन्होंने आश्वासन दिया कि गुजरात के अन्य शहरों में इस तरह के सांस्कृतिक आयोजनों के लिए राज्य सरकार हर संभव सहयोग प्रदान करेगी।

गुजरात में हमेशा अपनेपन की अनुभूति हुई है और प्रत्येक क्षेत्र में सहयोग और विशेष स्नेह प्राप्त हुआ है


कर्नाटक संघ, अहमदाबाद-गुजरात के अध्यक्ष हनुमंत बेन्नुरे ने स्वागत भाषण में कहा कि गुजरात में कर्नाटक के 5 लाख से अधिक लोग रहते हैं। गुजरात में उन्हें हमेशा अपनेपन की अनुभूति हुई है और प्रत्येक क्षेत्र में उन्हें सहयोग और विशेष स्नेह प्राप्त हुआ है। इस अवसर पर कर्नाटक के मंत्रियों तथा उपस्थित महानुभावों ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कर्नाटक संघ के 75 वर्ष पूरे होने पर सोवेनियर का विमोचन किया गया।
उल्लेखनीय है कि अहमदाबाद स्थित गुजरात यूनिवर्सिटी कन्वेंशन एंड एग्जीबिशन सेंटर में 8 एवं 9 अक्टूबर के दौरान दो दिवसीय कर्नाटक दर्शन-2022 फेस्टीवल के अंतर्गत कर्नाटक और कन्नड संस्कृति, खान-पान, उद्योग-व्यापार और रहन-सहन को उजागर करने वाले शास्त्रीय संगीत, नृत्य, कला, लोकगीत-लोकसंगीत एवं हास्य उत्सव जैसे विभिन्न कार्यक्रम आयोजित हुए। इसमें गुजरात में बसे कर्नाटक के लोग बड़ी संख्या में शामिल हुए।
कार्यक्रम में कर्नाटक सरकार के भारी एवं मध्यम उद्योग मंत्री मुरुगेश आर. निराणी, कर्नाटक के लोकसभा सांसद उमेश जादव और राज्यसभा सांसद जग्गेश शिवलिंगप्पा, कर्नाटक की राज्य मंत्री थरानुराधा, अहमदाबाद के महापौर किरीटभाई परमार, भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव सी.टी. रवि, कर्नाटक के विधायकगण, कर्नाटक संघ के पदाधिकारी और सदस्य सहित बड़ी संख्या में राज्य में बसे कर्नाटक के लोग तथा कर्नाटक से जुड़े लोग उपस्थित रहे।

Tags: 0