अहमदाबाद : गुजरात ने सभी गुजरातियों के प्रेम तथा आशीर्वाद से विकास की नई परिभाषा अंकित की : मुख्यमंत्री भुपेंद्र पटेल

अहमदाबाद : गुजरात ने सभी गुजरातियों के प्रेम तथा आशीर्वाद से विकास की नई परिभाषा अंकित की : मुख्यमंत्री भुपेंद्र पटेल

मुख्यमंत्री ने गुजरात दीपोत्सवी अंक विक्रम संवत 2078 का अनावरण किया

मुख्यमंत्री भुपेंद्र पटेल ने मंगलवार को गुजरात दीपोत्सवी अंक विक्रम संवत 2078 का अनावरण करते हुए कहा कि दीपावली प्रकाश का पर्व है। हज़ारों-लाखों दीपकों की प्रकाश ज्योत का सुनहरा उजाला चहुँओर फैला हुआ है। प्रकाश पर्व दीपोत्सव सभी को नए शुभ संकल्पों के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। हम सभी गुजराती बंधु-बांधव स्वयं सत्य-निष्ठा  की ज्योत प्रकटित कर सद्विचारों का प्रकाश फैलाने का सच्चे हृदय से प्रयास करें।

रोम-रोम में सत्य-निष्ठा के दीप प्रकटित करने का अनुरोध


श्री पटेल ने कहा कि गुजरात ने सभी गुजरातियों के प्रेम तथा आशीर्वाद से विकास की नई परिभाषा अंकित की है। गुजरात की प्रगति का चालक बल उसकी साढ़े छह करोड़ से अधिक जनशक्ति का जनहितैषी कार्यों में विश्वास है। उन्होंने गुजराती बंधु-बांधवों से दीपावली के पावन पर्व पर द्वेष, बैर-भाव, कुविचारों के असुर का नाश कर सभी के हृदय में सद्विचार एवं रोम-रोम में सत्य-निष्ठा के दीप प्रकटित करने का अनुरोध किया।

गुजरात के कोने-कोने के विकास के लिए हम सभी निष्ठापूर्वक परिश्रम कर रहे हैं 


मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना महामारी एवं अतिवृष्टि की प्रतिकूलता की विपरीत परिस्थितियों में भी गुजरात ने अपनी प्रगति की दौड़ को लेसमात्र भी मंद नहीं पड़ने दिया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा निर्मित गुजरात के विकास मॉडल पथ पर तेज़ गति से गुजरात के कोने-कोने के विकास के लिए हम सभी निष्ठापूर्वक परिश्रम कर रहे हैं। केन्द्र में नरेन्द्रभाई मोदी तथा यहाँ हम साथ मिल कर डबल इंजन वाली सरकार द्वारा हो रहे जन-जन के कल्याणकारी कार्यों की सभी को प्रतीति हो रही है। मुख्यमंत्री ने दीपोत्सव पर्व तथा विक्रम संवत 2079 के नूतन वर्ष के उपलक्ष्य में सभी गुजराती बांधवों को दीपावली की मंगल कामना के साथ नए वर्ष की उन्नति की शुभकामनाएँ प्रेषित करते हुए आह्वान किया कि इस नए वर्ष के आरंभ के साथ सभी साथ मिल कर दिव्य व भव्य गुजरात के निर्माण तथा गुजरात की विकास यात्रा में सक्रिय भागीदार बनें।

हिन्दुस्तान की सांस्कृतिक विरासत में दीपोत्सव के प्रकाश पर्व का अनूठा स्थान : श्रीमती अवंतिका सिंह


इस अवसर पर सूचना एवं प्रसारण सचिव श्रीमती अवंतिका सिंह औलख ने कहा कि त्योहार एवं लोकोत्सव में हमारी सांस्कृतिक धरोहर की सुगंध प्रसारित होती है। रोज़मर्रा के नियमित जीवन के बीच त्योहार ताज़गी लाते हैं। हिन्दुस्तान की सांस्कृतिक विरासत में दीपोत्सव के प्रकाश पर्व का अनूठा स्थान है। आने वाले वर्ष में हम सभी हमारे भीतर रही रचनात्मक शक्तियों को नवपल्लवित कर विकास के नए प्रकाश पुंज का आह्वान करें और गुजरात के विकास के नए सीमाचिह्न स्थापित करें।

गुजरात दीपोत्सवी अंक पाठकों के लिए अलभ्य पठनीय संस्मरण बनेगा


सूचना निदेशक आर. के. मेहता ने गुजरात दीपोत्सवी अंक के विषय में विवरण देते हुए कहा कि राज्य के सूचना विभाग द्वारा हर वर्ष दीपोत्सव पर्व के उपलक्ष्य में जीवन को उच्च विचारों से दीपायमान करने वाली संस्कारपूर्ण पठन-सामग्री परोसने की प्रतिवर्ष की विशिष्ट परम्परा के अनुसार गुजरात के साहित्य एवं कला की सांस्कृतिक विरासत को गुजरात दीपोत्सवी अंक के माध्यम से प्रस्तुत किया गया है। सर्वश्री गुणवंतभाई शाह, विष्णुभाई पंड्या, जोरावरसिंह जादव, मोहम्मद मांकड, रतिलाल बोरीसागर, रघुवीरभाई चौधरी, माधव रामानुज, चंद्रकांत मेहता, डॉ. कुमारपालभाई देसाई, जय वसावडा, कृष्णकांतभाई उनडकट जैसे लब्धप्रतिष्ठित साहित्यकारों की सृजनशील कलम से लिखित रुचिप्रद साहित्यकृतियों से गुजरात दीपोत्सवी अंक 2078 पाठकों के लिए आगामी वर्ष में अलभ्य पठनीय संस्मरण बनेगा।
इस दीपोत्सव 2078 के विशेषांक में 29 अध्ययन लेखों, 33 लघु उपन्यासों, 19 विनोदिकाओं, 7 नाटिकाओं और लगभग 98 काव्य रचनाओं के साथ लगभग 64 विभिन्न रंगीन चित्रों का समावेश किया गया। इस अवसर पर मंत्रिमंडल के सदस्य सर्वश्री राजेन्द्रभाई त्रिवेदी, जीतूभाई वाघाणी, ऋषिकेशभाई पटेल, किरीटसिंह राणा, जगदीशभाई विश्वकर्मा, जीतूभाई चौधरी, मुकेशभाई पटेल, मुख्य सचिव पंकज कुमार, गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव राज कुमार, वरिष्ठ सूचना अधिकारी सर्वश्री अरविंदभाई पटेल, पुलकभाई त्रिवेदी, जगदीशभाई आचार्य आदि उपस्थित रहे।
Tags: 0