अहमदाबाद : मुख्यमंत्री भुपेंद्र पटेल ने राष्ट्रपति पदक से सम्मानित राज्य पुलिस बल के अधिकारियों को पदक प्रदान किए

अहमदाबाद : मुख्यमंत्री भुपेंद्र पटेल ने राष्ट्रपति पदक से सम्मानित राज्य पुलिस बल के अधिकारियों को पदक प्रदान किए

पुलिस बल की कर्तव्यनिष्ठा की नींव पर स्थापित शांति और सुदृढ़ सुरक्षा व्यवस्था से गुजरात बना दुनिया भर के निवेशकों और उद्योगों की पहली पसंदः मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने गुजरात पुलिस की ओर से शुक्रवार को अहमदाबाद में आयोजित पुलिस मेडल अलंकरण के गौरवशाली समारोह में यह साफ किया कि पुलिस बल की कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण ही राज्य की सुरक्षा, शांति और सलामती की नींव है। इस संदर्भ में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वाइब्रेंट समिट के जरिए उद्योग-व्यापार जगत में गुजरात की वैश्विक छवि स्थापित की है। इसके परिणामस्वरूप देश और दुनिया के निवेशक, उद्योग और व्यावसायिक गुजरात में निवेश और कारोबार के लिए आकर्षित हुए हैं।

99 पुलिस अधिकारियों-कर्मियों के सम्मान का गौरवशाली समारोह


उन्होंने कहा कि गुजरात की सुदृढ़ सुरक्षा और शांति ने ऐसे निवेशकों के लिए गुजरात को निवेश का प्रथम पसंदीदा स्थल बनाया है और इसका श्रेय राज्य के पुलिस बल को जाता है। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने गुजरात पुलिस बल के 99 अधिकारी एवं कर्मचारियों को सराहनीय सेवा और विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक प्रदान किए।
इस गौरवशाली अवसर पर गृह राज्य मंत्री  हर्ष संघवी, मुख्य सचिव पंकज कुमार, गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव राजकुमार, पुलिस महानिदेशक आशीष भाटिया सहित पदक से सम्मानित पुलिस अधिकारियों के परिजन सहभागी बने। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा पुलिस बल के सेवा और समर्पण की सराहना कर पुलिस को समाज सुरक्षा का प्रहरी कहे जाने का विशेष रूप से उल्लेख किया।

टेक्नोलॉजीयुक्त दृष्टिकोण अपनाकर गुजरात पुलिस कानून व्यवस्था को बनाए रखने तथा जनता की सुरक्षा के लिए उत्कृष्ट कार्य कर रही है


मुख्यमंत्री ने गुजरात पुलिस की सराहना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री  अमित शाह के मार्गदर्शन और प्रेरणा से अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति, डिजिटल इंडिया का क्रियान्वयन और टेक्नोलॉजीयुक्त दृष्टिकोण अपनाकर गुजरात पुलिस कानून व्यवस्था को बनाए रखने तथा जनता की सुरक्षा के लिए उत्कृष्ट कार्य कर रही है। उन्होंने मुश्किल परिस्थितियों में कर्तव्यरत पुलिस बल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सहयोग प्रदान कर समाज सेवा का दायित्व निभा रहे उनके परिवारजनों की भी प्रशंसा की।

गरवी गुजरात से वंदे गुजरात तक की सफल विकास यात्रा में गुजरात पुलिस का बड़ा योगदान : गृह राज्य मंत्री


गृह राज्य मंत्री  हर्ष संघवी ने कहा कि राज्य पुलिस बल ने अपनी कर्तव्यनिष्ठा से सुरक्षा के मामले में गुजरात को देश भर में अव्वल रखा है। उन्होंने कहा कि 2002 से 2022 तक की गरवी गुजरात से वंदे गुजरात तक की सफलता के पीछे गुजरात पुलिस का भी बड़ा योगदान रहा है। श्री संघवी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने कानून व्यवस्था के मामले में अनेक महत्वपूर्ण निर्णय किए तथा पुलिस विभाग को भी इस मामले में काम करने की पूरी स्वतंत्रता दी है।
ड्रग्स विरोधी अभियान का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पुलिस की कार्रवाई से आज ड्रग माफियाओं में भय व्याप्त है। गुजरात पुलिस केवल गुजरात ही नहीं बल्कि अन्य राज्यों में जाने वाला ड्रग्स पकड़कर युवाओं को बर्बादी से बचाने का उत्कृष्ट कार्य कर रही है। उन्होंने गुजरात पुलिस के काबिले तारीफ प्रदर्शन के लिए पुलिसकर्मियों और उनके परिवारजनों के उत्कर्ष के लिए मुख्यमंत्री के नेतृत्व में सरकार की ओर से आवंटित 550 करोड़ रुपए के विशेष पैकेज के लिए गृह विभाग की ओर से आभार व्यक्त किया।
स्वागत भाषण में पुलिस महानिदेशक आशीष भाटिया ने कहा कि मुख्यमंत्री और गृह राज्य मंत्री के नेतृत्व में गुजरात का पुलिस बल देश का सबसे आधुनिक बल बनने की दिशा में कार्यरत है। आज पुलिस विभाग में आज सकारात्मक और सुधारवादी कदम उठाए जा रहे हैं। पुलिस विभाग के लिए परिवर्तन प्रेरक दृष्टिकोण अपनाने के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री और गृह राज्य मंत्री का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर प्रशिक्षण विभाग के डीजीपी विकास सहाय ने उपस्थित महानुभावों, पुलिस अधिकारियों और उनके परिवारजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।
समारोह में अहमदाबाद पुलिस आयुक्त, विभिन्न जिलों से आए वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी, पदक से सम्मानित पुलिसकर्मियों के परिजन और नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
Tags: 0