अहमदाबाद : मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने गांधीनगर महानगर पालिका के ढांचागत विकास कार्यों के लिए 37 करोड़ रुपए मंजूर किए
By Loktej
On
भौतिक बुनियादी ढांचा विकास के 5 कार्यों के लिए कुल 21 करोड़ रुपए, सामाजिक ढांचागत विकास के 1 कार्य के लिए 7 करोड़ रुपए मंजूर किए
मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने गांधीनगर महानगर पालिका को 37 करोड़ रुपए के खर्च से ढांचागत विकास के 9 कार्यों को करने की सैद्धांतिक मंजूरी दी है। उल्लेखनीय है कि गुजरात म्युनिसिपल फाइनेंस बोर्ड ने गांधीनगर महानगर पालिका के स्वर्णिम जयंती मुख्यमंत्री शहरी विकास योजना के अंतर्गत वर्ष 2022-23 के प्रस्ताव को मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्तुत किया था। मुख्यमंत्री ने इस प्रस्ताव को सैद्धांतिक अनुमति देते हुए भौतिक बुनियादी ढांचा विकास के पांच कार्यों के लिए 21 करोड़ रुपए, सामाजिक ढांचागत विकास के 1 कार्य के लिए 7 करोड़ रुपए और अनूठी पहचान के 3 कार्यों के लिए 9 करोड़ रुपए समेत कुल 37 करोड़ रुपए मंजूर किए हैं।
तदअनुसार, भौतिक बुनियादी ढांचा विकास कार्यों के अंतर्गत पेथापुर, वावोल, झूंडाल और कोबा में सामुदायिक हॉल, वॉर्ड 10 या 11 में फायर स्टेशन, स्ट्रीट लाइट, अलग-अलग सेक्टरों में चारदीवारी तथा सुघड़, नभोई, वासणा हड़मतिया, झूंडाल, खोरज, भाट, कोटेश्वर, अमियापुर तथा कोबा में श्मशान और कब्रिस्तान के नवीनीकरण जैसे पांच कार्यों के लिए कुल 21 करोड़ रुपए आवंटित किए जाएंगे। सामाजिक ढांचागत विकास कार्यों के अंतर्गत गांधीनगर महानगर पालिका को कोबा और झूंडाल में नए शहरी स्वास्थ्य केंद्रों के निर्माण तथा सेक्टर 24, 29 और 2 के शहरी स्वास्थ्य केंद्रों में स्वास्थ्य उन्मुख सुविधाएं मुहैया कराने के कार्यों के लिए 7 करोड़ रुपए आवंटित किए जाएंगे। इतना ही नहीं, वॉर्ड नं. 11 और 2 में उद्यान विकास तथा सेक्टर 30 और बोरिज में भी उद्यान विकास सहित कुल 3 कार्यों के लिए 9 करोड़ रुपए आवंटित किए जाएंगे। यह भी सुझाव दिया गया है कि इन 9 कार्यों के प्रस्ताव में सुझाए गए कार्यों के विस्तृत अनुमान और तकनीकी मंजूरी हासिल करने के बाद गांधीनगर महानगर पालिका अपना कार्य शुरू कर सकती है।
Tags: 0