मध्य प्रदेश : सड़क पर काम कर रहे मजदूरों को तेज रफ्तार कार ने कुचला, 4 मजदूरों की मौके पर ही मौत

घटना बिलपंक थाना क्षेत्र के जमुनिया फंते के पास हुई, 8 मजदूर गंभीर रूप से घायल

मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में दर्दनाक सड़क हादसा हो गया है। यहां तेज रफ्तार कार ने सड़क पर काम कर रहे मजदूरों को कुचल दिया। इस हादसे में 4 मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि 8 मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। एसपी अभिषेक तिवारी ने बताया कि घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना बिलपंक थाना क्षेत्र के जमुनिया फंते के पास हुई।

इस तरह हुई दुर्घटना 


आपको बता दें कि दुर्घटना के समय दुर्घटना स्थल पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि मजदूर फोरलेन की साइड में काम कर रहे थे। फोरलेन पर 100 मीटर की दूरी पर साइन बोर्ड भी लगाए गए थे। इसी दौरान एक अनियंत्रित कार ने फोरलेन साइडिंग पर काम कर रहे एक दर्जन से अधिक मजदूरों को कुचल दिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि 4 मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। सभी मजदूर एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं। मृतक उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ के रहने वाले हैं।

पुलिस मामले की जांच कर रही है


घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण व टोल कर्मचारी भी मौके पर पहुंच गए। लोगों की मदद से घायल मजदूरों को एंबुलेंस और लोडिंग वाहन की मदद से जिला अस्पताल भेजा गया। घटना की जानकारी होने पर रतलाम ग्रामीण विधायक दिलीप मकवाना भी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने डॉक्टरों को मरीजों के इलाज के लिए जरूरी मार्गदर्शन दिया है। जानकारी के मुताबिक आरोपी कार चालक को हिरासत में ले लिया गया है। इस मामले में बिलपंक थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।