कर्नाटक : ट्रक और ऑटो रिक्शा के बीच हुई भीषण दुर्घटना में सात महिलाओं की मौत

दुर्घटना में जान गंवाने वाली सभी महिलाएं दिहाड़ी मजदूर

शुक्रवार देर शाम कर्नाटक के बीदर में एक भीषण दुर्घटना हो गयी। दरअसल यहाँ एक ट्रक और ऑटो रिक्शा की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि इसमें सात महिलाओं की मौत हो गई। जबकि 11 लोग घायल हैं। मामले में जानकारी मिली है कि ये दुर्घटना चिट्टागुप्पा तालुक में हुई और इस दुर्घटना में जान गंवाने वाली सभी महिलाएं दिहाड़ी मजदूर थीं। ये दुर्घटना उस समय हुई जब ये सभी महिलाएं काम के बाद ऑटो रिक्शा में बैठकर अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान एक ट्रक ने बेमलाखेड़ा सरकारी स्कूल के पास ऑटो को टक्कर मार दी, जिससे सभी महिलाओं की मौत हो गई।

इन लोगों की हुई है मौत


पुलिस के मुताबिक, हादसे में जान गंवाने वाली महिलाओं में पार्वती (40), प्रभावती (36), गुंडम्मा (60), यदम्मा (40), जगम्मा (34), ईश्वरम्मा (55) और रुक्मिणी बाई (60) शामिल हैं। घायलों में ट्रक और ऑटो रिक्शे के ड्राइवर समेत 11 लोग शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि इनमें दो लोगों की हालत नाजुक है। पुलिस ने हादसे को लेकर केस दर्ज कर लिया है।
Tags: Karanatka