मध्य प्रदेश : दस साल पहले दुष्कर्म करके भागा आरोपी, अब जादूगर बन दिखाता था खेल, पुलिस ने बिहार से धर-दबोचा

मध्य प्रदेश : दस साल पहले दुष्कर्म करके भागा आरोपी, अब जादूगर बन दिखाता था खेल, पुलिस ने बिहार से धर-दबोचा

मुखबिर की सुचना पर आरोपी को पकड़ने गई पुलिस ने एक घंटे तक उसका शो देखा, फिर शो ख़त्म होते ही हिरासत में लिया

मध्य प्रदेश पुलिस ने एक बहुत पुराने मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए खंडवा में बलात्कार के एक मामले में दस साल से फरार चल रहे आरोपी को बिहार से दबोच लाई। बलात्कार के आरोप में फरार ये आरोपी फरारी के दौरान वह जादूगर के पास काम सीखकर जादूगर बन गया था। जब पुलिस उसे पकड़ने गई तब वह जादू का शो चल रहा था। पुलिसकर्मियों ने एक घंटे तक उसका शो भी देखा और जैसे ही वह स्टेज से उतरा तो पुलिस ने उसे पकड़ लिया। आरोपी पर दस हजार रुपये का इनाम भी घोषित था। 
इस बारे में खंडवा के जवार थाने के टीआई शिवराम जाट ने बताया कि साल 2007 में दुष्कर्म के एक मामले में इस आरोपी पर शिकायत दर्ज हुई थी। आरोपी नानकराम को गिरफ्तार भी किया था। हालांकि, उसके बाद कोर्ट ने उसे जमानत दे दी। उसके बाद वह कोर्ट में पेशी पर नहीं आया और फरार हो गया। दरअसल हेड कॉन्स्टेबल रफीक को अपने मुखबिर से ऐसी सूचना मिली थी कि फरार आरोपी नानकराम अब जादूगर बन फिलहाल वह पटना में शो करने गया है। इसके बाद पुलिस की टीम पटना पहुंची। जादू के शो के बारे में पता किया गया और जब वहां पुलिस पहुंची तो नानकराम का शो चल रहा था। जब शो खत्म हुआ तो पुलिस ने उसे पकड़ लिया। 
पुलिस के पकडे जाने के बाद आरोपी ने बताया कि फरारी के दौरान वह ग्वालियर, लखनऊ और मुजफ्फरपुर, बिहार में रहा। यहां उसने अलग-अलग जादूगरों के साथ काम किया और जादू सीखा। इतना ही नहीं आरोपी 2019 में भी खंडवा के पड़ोसी जिले खरगोन में आकर जादू दिखाकर चला गया था। इसके अलावा वह यूपी और बिहार में अपने शो करता था। फिलहाल वो लखनऊ में रहता है और खुद को सम्राट जादूगर बताता था।इस दौरान उसने जादू के शो दिखाने के लिए अपनी टीम तैयार की। जिसमें लड़कियां भी शामिल थीं।