नोएडा : चलती बाइक पर 'शक्तिमान' बनना पड़ा भारी, पुलिस ने हिरासत में लिया

नोएडा : चलती बाइक पर 'शक्तिमान' बनना पड़ा भारी, पुलिस ने हिरासत में लिया

शुक्रवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें एक युवक चलती बाइक पर लेटकर स्टंट कर रहा था

आज कल सोशल मीडिया का क्रेज़ कुछ ऐसा है कि लोग फेमस होने के लिए तरह तरह की तरकीबें करते है। इन दिनों युवाओं में सड़क पर चलती बाइक पर स्टंट का खुमार देखा जा सकता हैं। हालांकि ऐसा करना ना सिर्फ अन्य लोगों के लिए हानिकारक हो सकता है बल्कि ये गैर-कानूनी भी है। ऐसे में नोएडा पुलिस ने एक युवक और उसके दो दोस्तों को चलती बाइक पर 'शक्तिमान' स्टाइल में स्टंट करने पर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने स्टंट करने में इस्तेमाल हुई बाइक को भी सीज कर दिया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो के बाद से पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही थी।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें एक युवक चलती बाइक पर लेटकर स्टंट कर रहा था। वह बाइक पर 'शक्तिमान' बन रहा था। युवक का वीडियो देखने के बाद यूजर ने उसके खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर नोएडा पुलिस को ट्वीट किया था। इस मामले को सेक्टर-63 थाना पुलिस ने गंभीरता लिया और तीन युवकों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान बदायूं के गांव बिसौली निवासी विकास, बुलंदशहर के सैदपुर निवासी गौरव और बागपत के पुठ्ठी धनौरा गांव रहने वाले सूरज के रूप में हुई है। विकास फिलहाल गाजियाबाद में रहता है। पुलिस को पता चला कि बाइक पर स्टंट विकास कर रहा था। गौरव और सूरज वीडियो को रिकॉर्ड करने का काम कर रहे थे। तीनों ने सोशल मीडिया पर मशहूर होने के लिए वीडियो को वायरल किया था।
जाँच में ये भी सामने आया है कि वैसे तो तीनों युवक मूलरूप से अलग-अलग जिलों के रहने वाले हैं। वे वर्तमान में गाजियाबाद में रहते हैं। वो लोग वीडियो बनाने के लिए गाजियाबाद से नोएडा आए थे। हालांकि, पुलिस ने बाइक नंबर के आधार पर तीनों की पहचान कर ली।
पुलिस स्टंट करने वालों के खिलाफ धारा 151 के तहत कार्रवाई कर रही है। उन्हें कोर्ट में पेश किया जाता है। यहां से उन्हें 14 दिनों के लिए न्यायिक हिरासत जेल भेजा जा रहा है। उनके वाहनों को धारा 207 एमवी एक्ट के तहत सीज किया जा रहा है। इसके अलावा चालकों पर 20 से 25 हजार रुपये जुर्माना लगता है।