बिहार : बेटी को दी जमीन तो पुत्र ने गोलियों से भूनकर पिता को उतारा मौत के घाट, माता ने दर्ज करवाई शिकायत

कहते है पुत्र का फर्ज है की वह अपने माता और पिता की उचित सेवा कर उनकी ढलती उम्र में उन्हें हर प्रकार का सुख दे। हालांकि आज के कलियुग में इसके बिलकुल विपरीत दिखाई देता है। आज के जमाने में अपने स्वार्थ के लिए पुत्र अपने ही पिता की हत्या करने से भी कतई नहीं कतराता है। इसका ही जीता जागता उदाहरण बिहार के पूर्णिया से सामने आया है। पूर्णिया इलाके के धमदहा पुलिस स्टेशन की सीमा में आने वाले कवैया गाँव में एक पुत्र ने अपने ही पिता की छाती गोलियों से छलनी कर दी थी।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक कवैया गाँव के ही रहने वाले थे और उनका नाम अरविंद मंडल था। कुछ चश्मदीदों के अनुसार, जब यह घटना घटित हुई तब अरविंद अपने घर भवानीपुर जाने के लिए निकले थे। इसी दौरान कवैया से कुछ दूरी पर ही बाइक पर आए दो शख्सों ने उनको रोका और उन पर एक के बाद एक 6 राउंड फायरिंग कर दी। इसके चलते घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर दौड़ आई और आते ही लाश को अपने कब्जे में लेकर मृतदेह को पोस्ट्मॉर्टेम के लिए भेजा था।
मृतक की पत्नी के अनुसार, उनके पति की हत्या का कारण जमीन विवाद है। पत्नी सावित्री देवी ने बताया कि उसके पति के पास 12 एकड़ जमीन थी। जिसमें से पाँच कट्टे जमीन उन्होंने उनकी पुत्री को दी थी। इसी बात को लेकर पुत्र रंजीत मंडल और पिता के बीच काफी झगड़ा होता रहता था। माता का कहना है कि उसके पुत्र ने ही उसके पति की हत्या की है। मृतक की पत्नी ने बताया कि आठ दिन पहले भी उसके पुत्र ने गाँव में उसके पिता को गोली मारी थी और भाग निकला था। इसके बाद धामदहा पुलिस को भी इस बारे में जानकारी दी गई थी। सावित्री देवी की शिकायत के आधार पर पुलिस ने पुत्र सहित अन्य लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कर आगे की कार्यवाही शुरू की है।