पंजाब : CM चन्नी को मोबाइल रिपेयर शॉप मालिक लाभ सिंह ने हराया, यही नए भारत का संदेश है : केजरीवाल

पंजाब : CM चन्नी को मोबाइल रिपेयर शॉप मालिक लाभ सिंह ने हराया, यही नए भारत का संदेश है : केजरीवाल

पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में सबसे चौंकाने वाला परिणाम पंजाब से आया है। यहां मुख्य राजनीतिक पार्टियां कांग्रेस, शिरोमणि अकाली दल और भाजपा किनारे रह गई और आम आदमी पार्टी ने प्रचंड बहुमत के साथ विजय हासिल की है। पार्टी के मुख्यमंत्री के चेहरे भगवंत मान अब प्रदेश की कमान संभालेंगे। प्रदेश में जीत हासिल करने के बाद आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने अपने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने अपने भाषण में कहा कि यह एक नए भारत की शुरुआत है। अब मेडिकल छात्रों को पढ़ाई के लिए यूक्रेन नहीं जाना पड़ेगा। हम यहीं पर नए मेडिकल कॉलेज स्थापित करेंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री चन्नी को भदौर विधानसभा सीट से मोबाइल रिपेयर शॉप मालिक लाभ सिंह ने हराया। यही नए भारत का संदेश है।
केजरीवाल ने कहा कि नतीजों के जरिए जनता ने बोल दिया कि केजरीवाल आतंकवादी नहीं है बल्कि देश का सच्चा सपूत और देशभक्त है। आपको बता दें कि चुनाव प्रचार के दौरान एक वक्त ऐसा आया था जब अरविंद केजरीवाल पर आतंकवादी होने के तंज कसे गए थे।
केजरीवाल ने कहा कि हमने ईमानदार राजनीति की शुरुआत की है। लोगों के काम की शुरुआत की है। यह इतना आसान नहीं है। यह सारे मिलकर हम लोगों को रोकना चाहते हैं। पंजाब में कितने बड़े बड़े षड्यंत्र हुए और आम आदमी पार्टी के खिलाफ लोग इकट्ठा हो गए। लेकिन जनता बहुत समझदार है और उन्होंने आप को प्रचंड बहुमत दिला दिया है। उन्होंने कहा कि पंजाब में यह बहुत बड़ा इंकलाब है। पंजाब में बड़ी-बड़ी कुर्सियां हिल गई। सुखबीर सिंह बादल, कैप्टन अमरिंदर सिंह, चरणजीत सिंह चन्नी, प्रकाश सिंह बादल, नवजोत सिंह सिद्धू, बिक्रम सिंह मजीठिया हार गए हैं। यह बहुत बड़ा इंकलाब है।
दिल्ली के उपमुख्यमंत्री और आप के नेता मनीष सिसोदिया ने इस अवसर पर कहा कि पूरे देश में इस बात को स्वीकार किया जा रहा है कि अरविंद केजरीवाल का काम करने का जो मॉडल है वह अब राष्ट्रीय हो गया है। पंजाब के लोगों ने वोट नहीं दिया है बल्कि मौका दिया है अरविंद केजरीवाल को। लोगों को अब विकल्प मिल गया है।
भारत के पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह ने आगामी मुख्यमंत्री भगवंत मान को कुछ इस अंदाज में बधाई संदेश दिया है। 
Tags: Punjab