महाराष्ट्र : संभ्रांत घर की दो महिलाओं की आत्महत्या से सनसनी, पुलिस के सामने कारण ढूंढने की चुनौती

महाराष्ट्र : संभ्रांत घर की दो महिलाओं की आत्महत्या से सनसनी, पुलिस के सामने कारण ढूंढने की चुनौती

महाराष्ट्र के नांदेड़ शहर से दुःखदाई खबरें सामने आ रही हैं। यहां अच्छे घर की दो महिलाओं ने आत्महत्या कर ली है। खुदकुशी के पहले मामले में महिला ने सुसाइड नोट छोड़ा है। इस मामले में पुलिस ने मृतक महिला के पति की गिरफ्तारी भी की है। जबकि दूसरे मामले में घटना का कारण स्पष्ट नहीं हुआ है। पुलिस के सामने दोनों ही मामलों में खुदकुशी का कारण का पता लगाना एक चुनौती होगा। 
आत्महत्या की पहली घटना के बारे में टीवी9 की रिपोर्ट के अनुसार मृतक महिला शहर के विवेक नगर इलाके में रहती थी। शिल्पा जिरोंकर नामक महिला के पति गजानन जिरोंकर पेशे से वकील हैं। शुक्रवार को शिल्पा का शव उनके घर के बाथरूम में मिला। महिला के गले में फांसी लगी हुई थी। विशेष बात यह है कि घटना वाले दिन ही महिला के पुत्र का जन्मदिन भी था और जन्मदिन मनाने की तैयारियां भी की गई थी। ऐसे में सवाल यह खड़ा हो रहा है कि शिल्पा ने बाथरूम के शावर से लटक कर आत्महत्या क्यों की? पुलिस ने शिल्पा की सुसाइड नोट सार्वजनिक करने से इनकार किया है। उधर शिल्पा के भाई ने शिकायत में कहा है कि शिल्पा के ससुराल वाले कथित रूप से उसे पैसों के लिए परेशान करते थे। ऐसी स्थिति में पुलिस ने शिल्पा के पति को गिरफ्तार करके आगे की जांच कार्यवाही शुरू की है। 
खुदकुशी करने वाली दोनों महिलाएं (Photo Credit : tv9gujarati.com)

आत्महत्या की दूसरी घटना शहर के शिवाजी नगर इलाके की है। यहां शहर के प्रख्यात चर्म रोग विशेषज्ञ डॉक्टर अर्जुन मापारे की पुत्रवधू ने खुदकुशी की। उनके पुत्र डॉक्टर सागर मापारे भी डेंटिस्ट हैं। मृतक महिला का नाम अनुपा है। घटनाक्रम के अनुसार पुत्र को भोजन देने के बाद अनुपा अपने कमरे में गई और काफी समय तक उनके बाहर ना आने पर पुत्र ने दरवाजा खोला तो अपनी मां को फांसी लगाकर झूलते देखा। अनुपा की आत्महत्या के पीछे का कारण भी अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस को यह जानकारी मिली है कि कुछ दिनों पहले अनुपा की एक मित्र ने भी आत्महत्या कर ली थी। उधर अनुपा के जानने वालों का मानना है कि अनूपा एक सकारात्मक दृष्टिकोण वाली महिला थी और वह ऐसा नकारात्मक कदम उठा ले यह उनके लिए आश्चर्य की बात है। यद्यपि अनुपा की पड़ोस में रहने वाली एक महिला ने पिछले दिनों आत्महत्या की थी तब अनुपा अपने मित्रों से कहा करती थी कि लोग क्यों खुदकुशी करते हैं, यह जीवन एक बार ही तो जीने को मिलता है। ऐसी सकारात्मक सोच वाली अनुपा ने जब आत्महत्या की है तो उसके आसपास के लोग मानने को तैयार नहीं हैं। पुलिस दोनों ही मामलों की जांच कर रही है।