दिल्ली : घर में भी सुरक्षित नहीं महिला, आठ सालों से ससुर कर रहा था बहु के साथ दुष्कर्म

दिल्ली : घर में भी सुरक्षित नहीं महिला, आठ सालों से ससुर कर रहा था बहु के साथ दुष्कर्म

बेटे और पत्नी के सामने ही करता था दुष्कर्म, पुलिस ने शुरू की जाँच

आज कल आये दिन महिलाओं के खिलाफ घरेलू हिंसा और शारीरिक उत्पीड़न के मामले देखे जा रहे है। ऐसे में उत्तर पूर्वी दिल्ली से ऐसा ही मामला सामने आया है जहाँ गोकुलपुरी थाने में एक बहू ने अपने ससुर के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया है। शिकायत दर्ज करते हुए बहु ने ससुर पर आरोप लगाया है कि उसका ससुर पिछले 8 साल से उसके साथ रेप कर रहा है। इतना ही नहीं पहले रेप के बाद उसने अपने पति को पूरे मामले के बारे में बताया लेकिन कुछ करने के बजाय उसके पति ने उसे ही चुप रहने की धमकी दी।
शिकायत के अनुसार आरोपी ससुर ने एक बार अपनी पत्नी और दो बेटों के सामने ही बहु के साथ दुष्कर्म किया था। पुलिस ने महिला के बयान पर दुष्कर्म, मारपीट व धमकी की धारा के तहत मामला दर्ज कर लिया है। हालांकि इस मामले में अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। मामले में दर्ज प्राथमिकी के अनुसार 27 वर्षीय महिला पिछले डेढ़ महीने से गोकुलपुरी इलाके में अपने रिश्तेदार के यहां रह रही है। 2013 में उसकी शादी उत्तर प्रदेश के रहने वाले एक युवक से हुई थी। शादी के दो महीने तक सब कुछ ठीक रहा। लेकिन तभी उसके पति ने पत्नी को पीटना शुरू कर दिया। जिससे एक बार बहू का गर्भपात हो गया।
आरोप है कि एक माह बाद ससुर ने अपनी बहू को नशीला पदार्थ पिलाकर बेहोश कर उसके साथ दुष्कर्म किया। महिला के वकील विजय गोस्वामी ने कहा कि आरोपी ने अपने परिवार के सदस्यों के सामने बलात्कार किया। उसके बाद उसका पति दो बच्चों के साथ गांव गया और अपनी पत्नी को गांव में छोड़ आया। महिला ने आरोपी के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने 22 अक्टूबर को मामला दर्ज कर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
Tags: Crime Rape