दिल्ली में कोरोना पॉजिटिव हुए श्रमिकों को 10 हजार रुपये की सहायता

दिल्ली में कोरोना पॉजिटिव हुए श्रमिकों को 10 हजार रुपये की सहायता

सभी पंजीकृत श्रमिकों को मिलेंगे चिकित्सकीय सहायता, सीधे खाते में आएंगे पैसे

नई दिल्ली, 27 अप्रैल (आईएएनएस)| दिल्ली सरकार ने कोरोना के दौरान निर्माण श्रमिकों की सहायता के लिए एक और कदम उठाया है। दिल्ली सरकार के श्रम विभाग ने घोषणा की है कि इस महामारी में कोरोना पॉजिटिव हुए पंजीकृत निर्माण श्रमिकों और उनके परिवार वालों को चिकित्सकीय सहायता के रूप में 5 हजार से 10 हजार रुपये की सहायता राशि दी जाएगी। निर्माण श्रमिकों के कोरोना रिपोर्ट की आईसीएमआर के पोर्टल पर जांच कर सहायता राशि को सीधे उनके खातों में भेजा जाएगा। ये सहायता राशि कोरोना काल के दौरान श्रमिकों के वित्तीय संकट को कम करने में मदद करेगी।
दिल्ली सरकार द्वारा प्रवासी, दिहाड़ी और निर्माण कार्यों में लगे श्रमिकों की अन्य जरूरतों के पूरा करने के लिए दिल्ली के सभी जिलों में कई स्कूलों और कंस्ट्रक्शन साइट्स पर 150 से अधिक फूड डिस्ट्रीब्यूशन सेंटर भी शुरू कर दिए हैं। इन केंद्रों के माध्यम से अबतक लगभग 83 हजार फूड पैकेट बांटे जा चुके हैं। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी श्रमिकों और प्रवासियों से अपील की है कि वो दिल्ली न छोड़े क्योंकि दिल्ली सरकार उनके लिए सभी प्रकार की सहायता सुनिश्चित कर रही है।
उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि दिल्ली सरकार ने राजधानी के पंजीकृत निर्माण श्रमिकों को 5-5 हजार रुपये की वित्तीय सहायता राशि प्रदान की है।अबतक लगभग 2 लाख श्रमिकों को 100 करोड़ की सहायता राशि दी गई है।
पिछले वर्ष दिल्ली में पंजीकृत निर्माण श्रमिकों की संख्या करीब 55 हजार थी, इन्हें पिछले वर्ष भी लॉकडाउन के दौरान दिल्ली सरकार की ओर से 5-5 हजार रुपए की सहायता राशि प्रदान की गई थी। इस सरकार द्वारा मेगा रेजिस्ट्रेशन ड्राइव चलाने के बाद बड़ी संख्या में श्रमिकों का पंजीकरण हुआ। दिल्ली में फिलहाल 1 लाख 72 हजार पंजीकृत निर्माण श्रमिक है।