चेन छीनाझपटी के दौरान महिला को चाकुओं से गोदा, अस्पताल में हुई मौत, CCTV में कैद घटना

चेन छीनाझपटी के दौरान महिला को चाकुओं से गोदा, अस्पताल में हुई मौत, CCTV में कैद घटना

उत्तर-पश्चिम दिल्ली के आदर्श नगर ‌की घटना, महिला बाजार से घर जा रही थी, गोद में बच्चा भी था

नई दिल्ली, 28 फरवरी (आईएएनएस)| उत्तर-पश्चिम दिल्ली के आदर्श नगर में एक 25 वर्षीय महिला की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। वह बाजार से घर आ रही थी, जब उस पर चाकू से हमला किया गया। महिला की गोद में 2 साल का एक बच्चा भी था। घटना शनिवार रात करीब साढ़े नौ बजे की है। पूरी वारदात सड़क पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। घटना तब हुई जब सिमरन कौर नाम की महिला अपनी मां के साथ बाजार से घर लौट रही थी। उसकी गोद में उसका बच्चा था।

झपट्टामार ने महिला पर चाकू से हमला कर दिया

रास्ते में एक व्यक्ति ने उसकी चेन छीनने की कोशिश की, लेकिन सिमरन ने विरोध किया और उस शख्स को पकड़ लिया। जब वह नीचे गिरा तो उसने महिला पर चाकू से हमला कर दिया। हमला करने के बाद वह अपने साथी के साथ स्कूटी से फरार हो गया। सिमरन को अस्पताल ले जाया गया जहां उसने दम तोड़ दिया।

पुलिस सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही

एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, "हम सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण कर रहे हैं और आरोपियों की पहचान करने और उन्हें गिरफ्तार करने के लिए कई टीमों का गठन किया है।"

छीनाझपटी के मामले बढ़े

साल 2020 में चेन छीनाझपटी के मामलों की संख्या में वृद्धि देखी गई। साल 2019 से इसमें 27.11 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। पिछले साल चेन छीने जाने के 7,965 मामले दर्ज किए गए थे, जबकि 2019 में 6,266 मामले दर्ज हुए थे। दिल्ली पुलिस के अनुसार, डकैती के मामलों में 0.35 प्रतिशत की मामूली वृद्धि हुई है। 2019 में 1,956 मामलों की तुलना में 2020 में डकैती के कुल 1,963 मामले दर्ज किए गए।

इस मामले में पुलिस ने मीडिया को बताया है कि दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों की स्कूटी भी बरामद कर दी है। 

Tags: Crime

Related Posts