आगामी जुलाई महीने से त्यौहार ही त्यौहार!

आगामी जुलाई महीने से त्यौहार ही त्यौहार!

एक जुलाई को रथ यात्रा से लेकर अक्टूबर माह में दिवाली तक 118 दिन में 29 पर्व

जून का महीना अपने आखरी सप्ताह में है और इसी के साथ ये खत्म होने को है। जून के बाद जुलाई का महीना आ रहा है उअर अपने साथ बहुत सारे व्रत और त्योहार लेकर आ रहा है। इसी माह में जगन्नाथ रथयात्रा शुरू होगी। साथ ही इसी माह में ही देवशयनी एकादशी है, जिसके बाद चातुर्मास शुरू हो जाता है। चातुर्मास का जैन समुदाय में अलग महत्त्व है। इसी महीने में सावन का महीना भी शुरू होगा। आषाढ़ मास की गुप्त नवरात्रि का समापन, गुरु पूर्णिमा और हरियाली तीज जैसे अतिमहत्वपूर्ण त्योहार भी जुलाई के महीने में ही आ रहे हैं।
हर साल आषाढ़ शुक्लपक्ष की द्वितीया तिथि से भगवान जगन्नाथ की अद्भुत और विशाल रथयात्रा निकाली जाती है। इस बार यह रथ यात्रा 1 जुलाई को निकाली जाएगी। इसके दो दिन बाद यानी 03 जुलाई, रविवार के दिन विनायक चतुर्थी व्रत, 05 जुलाई को स्कंद षष्ठी, 10 जुलाई को देवशयनी एकादशी, वासुदेव द्वादशी या चातुर्मास का प्रारंभ है। 11 जुलाई को सोम प्रदोष व्रत, वामन द्वादशी या विजया पार्वती व्रत है। 13 जुलाई गुरु पूर्णिमा या आषाढ़ पूर्णिमा है। इसे व्यास पूजा के नाम से भी जाना जाता है। इस दिन को भगवान वेद व्यास की जयंती के रूप में मनाया जाता है। गुरु पूर्णिमा को व्यास पूर्णिमा के रूप में भी जाना जाता है। इस दिन वेद व्यास की पूजा के अलावा सभी गुरुओं की विशेष रूप से पूजा की जाती है। इसके अगले दिन  यानी 14 जुलाई दिन गुरुवार से श्रावण मास आरंभ होगा।  ये महीना पूजा पाठ के लिहाज से बहुत पवित्र माना गया है और शिव जी को समर्पित होता है। इस महीने में कई बड़े त्योहार मनाए जाते हैं, जिनमें से अधिकांश महिला प्रधान होते हैं जैसे हरियाली अमावस्या, हरियाली तीज आदि। माह के अंतिम दिन रक्षाबंधन होता है। 28 जुलाई को हरियाली अमावस्या और 31 जुलाई को हरियाली तीज का खास त्योहार है।
बता दें कि जुलाई के साथ ही हिन्दू पंचांग के अनुसार त्योहारों का सिलसिला शुरू हो जाता है। एक जुलाई को रथ यात्रा से लेकर अक्टूबर माह में दिवाली तक 118 दिन में 29 पर्व मनाए जाएंगे।  हिंदू समुदाय का सबसे बड़ा और दीपोत्सव पर्व दिवाली तक हर चौथे दिन एक त्योहार मनाया जाएगा।  इनमें जुलाई के महीने में सबसे अधिक 9 त्योहार, अगस्त में रक्षाबंधन, जन्माष्टमी, गणेशोत्सव समेत 6 त्यौहार, सितंबर में 5 और अक्टूबर में 8 पर्व मनाएं जायेंगे।