अजब-गजब : इस पक्षी ने लगातार 264 घंटे उड़ते हुए किया 13 हजार किलोमीटर का सफर तय

अजब-गजब : इस पक्षी ने लगातार 264 घंटे उड़ते हुए किया 13 हजार किलोमीटर का सफर तय

बार टेल्ड गॉडविट प्रजाति के पक्षी अपनी लंबी उड़ान के लिए मशहूर

प्रकृति ने हर जीव को कोई न कोई विशेषता दी है। फिर चाहे वो इंसानों हो या पशु-पक्षी! जिसके बल पर वो अपना नाम रोशन कर सकते हैं। कई पक्षी शिकार में माहिर होते हैं तो कुछ गाने में तो कुछ ऊँचा उड़ने में। ऐसे ही एक मजबूत पंखों वाले प्रतिभावान पक्षी ने गिनीज़ वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। महज 5 महीने के एक पक्षी ने जितनी दूरी उड़कर तय की उसके बारे में सोचकर भी पसीना आ जाये। ये पक्षी अलास्का से ऑस्ट्रेलिया के तस्मानिया तक का हज़ारों किलोमीटर लंबा सफर तय किया है। ये पक्षी लगातार 11 दिनों तक उड़ता रहा और बीच में कहीं भी नहीं रुका। अब उसके नाम इतनी लंबी लगातार उड़ान का रिकॉर्ड दर्ज हो गया है। अब भले ही खुद पक्षी को ये न पता हो कि उसने क्या किया है, लेकिन उसने जो किया वो बहुत बड़ा कारनामा है।


लगातार 264 घंटे या 11 दिन उड़ता रहा पक्षी


आपको बता दें कि बार टेल्ड गॉडविट नाम के इस पक्षी ने अलास्का से ऑस्ट्रेलिया के तस्मानिया के लिए 13 अक्टूबर को उड़ान भरी और 25 अक्टूबर को अपने सफर को पूरा कर लिया। इन 11 दिन तक वो लगातार उड़ता रहा और इस दौरान उसने 13 हज़ार 560 किलोमीटर की दूरी तय कर ली। पक्षी के पीठ के निचले हिस्से पर सैटेलाइट टैग लगाया गया था, जिसके ज़रिये उसे ट्रैक किया गया। पक्षी ने ओशिनिया, वानुअतु और न्यू केलडोनिया द्वीपों को पार करते हुए लगातार उड़ान भरी और तस्मानिया में जाकर नीचे उतरा। 5जी टैग के ज़रिये उसकी उड़ान को ट्रैक करने के बाद उसके नाम विश्व रिकॉर्ड दर्ज किया गया।

लंबी उड़ान में माहिर हैं ये पक्षी


गौरतलब है कि बार टेल्ड गॉडविट प्रजाति के पक्षी अपनी लंबी उड़ान के लिए मशहूर हैं। उड़ान के दौरान ये पक्षी कुछ भी खाते या पीते नहीं हैं। इनका वजन 250 से 450 ग्राम तक होता है और पंखों की चौड़ाई 70 से 80 सेंटीमीटर होती है। इनकी प्रजाति अलास्का में ही पाई जाती है। साल 2020 में भी इस प्रजाति के एक पक्षी ने लगातार 11 दिन में 12 हज़ार किलोमीटर का सफर तय किया था। ये पक्षी अलास्का से न्यूज़ीलैंड उड़ते हुए पहुंचा था। वहीं साल 2021 में भी ये पक्षी 13 हज़ार 50 किलोमीटर तक लगातार उड़ता रहा और फिर नीचे उतरा।