मध्यप्रदेश : ये आदमी है आज का शाहजहाँ, पत्नी के प्रेम में बनवाया दूसरा ‘ताजमहल’, जानिए पूरी कहानी

मध्यप्रदेश : ये आदमी है आज का शाहजहाँ, पत्नी के प्रेम में बनवाया दूसरा ‘ताजमहल’, जानिए पूरी कहानी

मध्य प्रदेश के बुरहानपुर के रहने वाले एक व्यापारी ने अपने घर को ताजमहल के स्वरूप का बनवाया

दुनिया के सात अजूबो में से एक आगरा के ताजमहल को प्यार का प्रतीक माना जाता है। हर प्रेमी अपनी प्रेमिका या पत्नी के लिए ताजमहल बनवाने की कल्पना करता है। वैसे तो कोई भी इस कल्पना को पूरा नहीं कर पाता पर मध्य प्रदेश के शख्स ने अपनी पत्नी के लिए ताजमहल जैसा घर बनवाया है।
जानकारी के अनुसार मध्य प्रदेश के बुरहानपुर के रहने वाले एक व्यापारी ने अपने घर को ताजमहल के स्वरूप का बनवाया है। शाहजहां की ही तरह इस शख्स ने भी इस ताजमहल को अपनी पत्नी को उपहार में दिया है। ये घर इतना खूबसूरत है कि एक बार में ये असली ताजमहल की तरह लगता है। बुरहानपुर के रहने वाले आनंद चोकसे ने पत्नी के लिए ताजमहल बनवाने वाले बात पर कहा "मैं हमेशा ये सोचते रहता था कि मेरे शहर बुरहानपुर में ताजमहल क्यों नहीं बनाया गया, क्योंकि शाहजहां की पत्नी मुमताज की मौत तो इसी शहर में हुई थी।'' इतिहास के मुताबिक कहा जाता है कि ताजमहल का निर्माण ताप्ती नदी के किनारे होना था लेकिन बाद में आगरा में बनाया गया।
आपको बता दें कि ताजमहल की हूबहू नकल कर इस घर को बनवाने में तीन साल का वक्त लगा है। मकान बनाने वाले इंजीनियर ने कहा कि मकान बनाने के लिए उन्होंने असली ताजमहल का बारीकी से अध्ययन किया। घर के अंदर नक्काशी के लिए बंगाल और इंदौर के कलाकारों से की मदद ली गई है। ताजमहल की हूबहू नकल वाले इस घर में नीचे 2 बेडरूम और ऊपर 2 बेडरूम है। घर का गुंबद 29 फीट की ऊंचाई पर है। इसमें ताजमहल जैसे टावर हैं और घर का फर्श राजस्थान के 'मकराना' से बनाया गया है और फर्नीचर मुंबई के कारीगरों द्वारा तैयार किया गया है। इसके अलावा इसमें एक बड़ा हॉल है। एक लाइब्रेरी और एक ध्यान कक्ष भी है। बुरहानपुर में इस घर को देखने लोग दूर-दूर से आते हैं।