Rafael Nadal becomes the first men's player to win 21 Grand Slams, defeats Daniil Medvedev 2-6, 6-7, 6-4, 6-4, 7-5 in the final to win his second #AustralianOpen title
— ANI (@ANI) January 30, 2022
(File photo) pic.twitter.com/YkVVTB92l0
ऑस्ट्रेलियन ओपन 2022 : राफेल नडाल ने अपने नाम किया खिताब, 21वां ग्रैंड स्लैम जीतकर रचा इतिहास
By Loktej
On
खिताबी मुकाबले में राफेल नडाल ने हमवतन मेदवेदेव को हराया, 5 घंटे 24 मिनट तक चले लंबे और संघर्षपूर्ण फाइनल में नडाल ने दो सेट हराने के बाद की वापसी
ऑस्ट्रेलियन ओपन 2022 के अंतिम मुकाबले में स्पेन के दिग्गज टेनिस स्टार राफेल नडाल ने खिताब अपने नाम कर इतिहास रच दिया है। अपना 21वां ग्रैंड स्लैम जीतते हुए नडाल ने एक नया विश्व रिकॉर्ड बना दिया। अब नडाल रोजर फेडरर और नोवाक जोकोविच को पछाड़कर मेंस सिंगल्स में सबसे ज्यादा ग्रैंड स्लैम खिताब जीतने वाले खिलाड़ी बन गए हैं।
आपको बता दें कि 5 घंटे 24 मिनट तक चले लंबे और संघर्षपूर्ण फाइनल में नडाल ने रूस के दानिल मेदवेदेव को 2-6, 6-7, 6-4, 6-4, 7-5 से हराकर दूसरी बार ऑस्ट्रेलियन ओपन का खिताब अपने नाम किया। वहीं लगातार दूसरे साल मेदवेदेव को ऑस्ट्रेलियन ओपन में हार का सामना करना पड़ा है। बड़ी बात ये है कि इस टूर्नामेंट से कुछ ही हफ्ते पहले नडाल को सर्जरी से गुजरना पड़ा था और उनका टूर्नामेंट में हिस्सा लेना भी संदेह के दायरे में था। तमाम परेशानियों को दरकिनार करते हुए नडाल ने सबको पीछे छोड़ते हुए सबसे बेहतरीन फॉर्म में चल रहे मेदवेदेव के साथ चले एक लंबे मुकाबले के बाद खिताब अपने नाम कर लिया। ये फाइनल भी अद्भुत रहा। इस मैच की शुरुआत से ही मेदवेदेव हावी रहे। उन्होंने पहले दोनों सेट जीत लिए।
एक समय ऐसा लग रहा था जैसे नडाल इस मुकाबले में ज्यादा देर टिक नहीं पाएंगे और मेदवेदेव जोकोविच की ही तरह उन्हें हराकर अपना दूसरा ग्रैंड स्लैम जीत लेंगे लेकिन फिर नडाल ने अपने लंबे करियर वाले अंदाज में जुझारूपन दिखाया और ऐतिहासिक वापसी की। पहले दोनों सेटों में मिली हार के बाद राफेल ने जोरदार वापसी की और लगातार दो सेट जीतकर मुकाबले को फाइनल सेट तक लेकर गए। तीसरा और चौथा सेट नडाल ने 6-4 से अपने नाम किया। फाइनल सेट भी मेदवेदेव ने हार नहीं मानी और नडाल के खिलाफ कड़ा संघर्ष किया, लेकिन अंत में जीत एक बार फिर से राफेल नडाल के हाथों ही लगी। उन्होंने आखिरी सेट 7-5 से जीतकर अपने करियर का 21वां ग्रैंड स्लैम जीता।
आपको बता दें कि नडाल ने 2009 के बाद दूसरी बार ऑस्ट्रेलियन ओपन पर कब्जा जमाया है। 2009 में नडाल ने पांच सेट तक चले फाइनल मैच में रोजर फेडरर को हराते हुए मुकाबला जीता था। हालांकि उसके बाद नडाल को चार बार इस टूर्नामेंट के फाइनल में हार का सामना करना पड़ा। आखिरकार 13 साल के इंतजार के बाद राफेल नडाल फिर से ऑस्ट्रेलियन ओपन जीतने में सफल रहे।
Tags: Sports