हॉकी महिला एशिया कप : भारत ने जीता कांस्य पदक, चीन को 2-0 से हराया

हॉकी महिला एशिया कप : भारत ने जीता कांस्य पदक, चीन को 2-0 से हराया

सेमीफाइनल में कोरिया के सामने हुई हार के बाद खिताबी दौर से बाहरहै भारत

हॉकी महिला एशिया कप के सेमीफाइनल में भारत का खिताबी सफ़र कोरिया से मिली हार के बाद ख़त्म हो गया। इसके बाद वर्तमान चैम्पियन भारतीय टीम ने शुक्रवार को दम दिखाते हुए तीसरे स्थान की लड़ाई के लिए चीन को 2-0 से हराकर महिला एशिया कप हॉकी टूर्नामेंट में ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया। भारतीय खिलाड़ियों ने सेमीफाइनल को भुलाते हुए मध्यांतर तक चीन पर 2-0 तक बढ़त बना ली थी। जो अंत तक बनी रही। 
मैच की बात करें तो भारतीय खिलाड़ियों ने अच्छी शुरुआत करते हुए दो पेनल्टी कॉर्नर हासिल किये, जिसमें से एक में शर्मिला देवी ने 13वें मिनट में अपनी टीम को बढ़त दिला दी। भारत ने दूसरे क्वार्टर में भी इसी लय में खेलना जारी रखा। भारतीय खिलाड़ियों ने लगातार सेंध लगाकर चीन की रक्षात्मक पंक्ति पर दबाव बनाये रखा और फिर 19वें मिनट में एक और पेनल्टी कॉर्नर हासिल कर लिया। गुरजीत ने शानदार ड्रैग फ्लिक से इसे गोल में बदलकर स्कोर 2-0 कर दिया। हालांकि चीन ने भी बहुत कोशिश की पर भारतीय कप्तान और गोलकीपर सविता पूनिया नाम की दीवार को भेद न सकी। एक समय बहुत आक्रामक होने के बाद भी चीन के हाथ कोई सफलता नहीं लगी और मैच का परिणाम भारत के पक्ष में रहा।
गौरतलब है कि टोक्यो ओलंपिक में चौथे स्थान पर रहने के बाद भी कोविड-19 महामारी ने भारत के प्रदर्शन को बहुत प्रभावित किया। कोरोना के कारण एक मैच अभ्यास की कमी के कारण चैम्पियन भारत महत्वपूर्ण मैचों में अच्छा प्रदर्शन नहीं करने के कारण खिताब की दौड़ से बाहर हो गयी।
Tags: Sports