भगोड़े स्वघोषित भगवान नित्यानंद पर बन रही हैं डॉक्यूमेंट्री, खुलेंगे बहुत से अनकहे राज

भगोड़े स्वघोषित भगवान नित्यानंद पर बन रही हैं डॉक्यूमेंट्री, खुलेंगे बहुत से अनकहे राज

निर्देशक नमन सरैया द्वारा निर्मित श्रृंखला का नाम ‘माई डॉटर जॉइन ए कल्ट’

विवादास्पद धर्मगुरु स्वामी नित्यानंद पर जल्द ही एक डॉक्यूमेंट्री श्रृंखला आने वाली है। श्रृंखला का नाम ‘माई डॉटर जॉइन ए कल्ट’ रखा गया है। इस 3 भाग की श्रृंखला में स्वामी नित्यानंद के जीवन की हकीकत को दिखाया जाएगा और उनके करीबी लोगों की आवाजें बाहर लाई जाएगी। श्रृंखला में स्वामी नित्यानंद के कई अनुयायी भी शामिल होंगे।
आपको बता दें कि निर्देशक नमन सरैया द्वारा निर्मित, डॉक्यूमेंट्री श्रृंखला में स्वामी नित्यानंद के बारे में कई खुलासे होंगे। इसमें दिखाया गया है कि कैसे खुद को गॉडमैन कहने वाले नित्यानंद ने धोखे से अपने अनुयायियों को आश्रम और गुरुकुल ट्रस्ट नित्यानंद ध्यानपीठ का हिस्सा बना लिया और उनका शोषण किया।
स्वामी नित्यानंद पर बलात्कार से लेकर बच्चों को अवैध रूप से हिरासत में रखने तक के कई आरोप हैं। इस संबंध में नित्यानंद के खिलाफ कई मामले भी दर्ज किए गए हैं। साल 2019 में नित्यानंद भारत देश छोड़कर भाग गया था। इसके बाद उस पर इक्वाडोर के पास एक द्वीप पर अपने स्वयं के ध्वज और राजनीतिक व्यवस्था के साथ अपना हिंदू राष्ट्र स्थापित करने का आरोप लगाया गया है।
डॉक्यूमेंट्री श्रृंखला माई डॉटर जॉइन्स ए कल्ट में नित्यानंद के भक्त, पत्रकार, कार्यकर्ता और वकील नित्यानंद के जीवन के बारे में बात करेंगे। सीरीज में यह भी दिखाया जाएगा कि कैसे भगोड़े घोषित किए गए नित्यानंद की आज भी जबरदस्त फैन फॉलोइंग है।
इस श्रृंखला के बारे में बात करते हुए, निर्देशक नमन सरैया ने कहा कि यह उनके करियर की सबसे चुनौतीपूर्ण और उपयोगी परियोजनाओं में से एक है। उन्होंने उल्लेख किया कि नित्यानंद के धार्मिक आंदोलन की एक जटिल और विस्तृत जांच करने में नित्यानंद के भक्तों, पीड़ितों, पत्रकारों, वकीलों और पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
आप इस डॉक्यूमेंट्री ‘माई डॉटर जॉइन अ कल्ट’ को डिस्कवरी प्लस पर देख सकते हैं। श्रृंखला को हिंदी, अंग्रेजी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में स्ट्रीम किया जा रहा है।
Tags: Feature