सूरत : युवक तीन दिनों से सिविल अस्पताल में पिता को ढूंढ रहा, नहीं मिल रहे!
By Loktej
On
सिविल हॉस्पिटल के कोविड केयर में उपचाराधीन मरीज पिछले 3 दिन से है गायब, सिविल प्रशासन को भी नहीं है मरीज की जानकारी
जब से शहर में कोरोना महामारी ने अपना कहर ढाना शुरू हुआ है, सूरत की सिविल अस्पताल में कई तरह की लापरवाही सामने आई है। ऐसे में एक बार और अस्पताल की लापरवाही सामने आई है। जहां एक कोरोना ग्रस्त बुजुर्ग पिछले कई दिनों से लापता हो चुके है। कोरोना ग्रस्त वृद्ध मरीज के पुत्र ने अपने पिता को ढूंढने के लिए पूरी हॉस्पिटल छान डाली, पर उसे अपने पिता नहीं मिले। इसके अलावा सिविल प्रशासन की ओर से उचित जवाब नहीं मिलने के कारण अब वह लाचार हो गया है।
सूरत के गोडादरा क्षेत्र में रहने वाले संजय तिवारी का कहना है कि उनके पिता महारानी दिन तिवारी कोरोना संक्रमण होने के कारण 9 तारीख को कोविड-19 केयर में दाखिल किए गए थे। जिसके बाद आखिरी बार 17 तारीख को ही उनसे बात हो पाई थी। हालांकि इसके बाद उन्हें भी कोरोना हो गया था। जिसके चलते वह सिविल नहीं आ सके थे। हालांकि पिछले तीन दिनों से वह सिविल के चक्कर काट रहे है, पर अपने पिता को नहीं ढूंढ पा रहे है।
संजय कहते है कि, इसके बाद उन्होंने सिविल के आरएमओ का संपर्क करने का प्रयास किया और उनसे अपने पिता के बारे में जानकारी मांगी, लेकिन उन्होंने भी कोई उचित जवाब नहीं दिया गया। सिविल अस्पताल में कोरोना वायरस हेल्प डेस्क पर भी फोन किया, लेकिन वहां भी कोई जानकारी नहीं मिली। पिछले 3 दिनों से मैं अपने पिताजी की जानकारी के लिए इधर से उधर ढूंढ रहा हूं लेकिन पिताजी की कोई जानकारी नहीं मिल रही।
Tags: Corona Virus