गुजरात : मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने जूनागढ़-ध्रोल के जनसुविधा विकास से संबंधित 27 करोड़ रुपए के कार्यों को दी सैद्धांतिक मंजूरी

गुजरात : मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने जूनागढ़-ध्रोल के जनसुविधा विकास से संबंधित 27 करोड़ रुपए के कार्यों को दी सैद्धांतिक मंजूरी

स्वर्णिम जयंती मुख्यमंत्री शहरी विकास योजना के अंतर्गत जूनागढ़ को बुनियादी ढांचा के विकास के लिए 23.88 और ध्रोल को अनूठी पहचान के कार्यों के लिए 3.43 करोड़

भौतिक ढांचागत सुविधा के विकास कार्यों के लिए जीएमएफबी के मार्फत वर्ष 2022-23 में अहमदाबाद को 710 करोड़, सूरत को 580 करोड़, वडोदरा को 218 करोड़, राजकोट को 172 करोड़, भावनगर को 80 करोड़, जामनगर को 76 करोड़, जूनागढ़ को 40 और गांधीनगर को 41 करोड़ आवंटित किए जाएंगे
मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने जूनागढ़ महानगर पालिका और ध्रोल नगर पालिका के विभिन्न विकास कार्यों के लिए 27 करोड़ 31 लाख रुपए के कार्यों की सैद्धांतिक मंजूरी दी है। मुख्यमंत्री द्वारा दी गई इस स्वीकृति के परिणामस्वरूप जूनागढ़ महानगर पालिका को वर्ष 2021-22 के बुनियादी ढांचा विकास के 52 कार्यों के लिए 23.88 करोड़ रुपए आवंटित किए जाएंगे। स्वर्णिम जयंती मुख्यमंत्री शहरी विकास योजना के अंतर्गत इन कार्यों में जूनागढ़ शहर में सड़कों के 27 कार्यों के लिए 9,23,73,757 रुपए, सीवरेज के कार्यों के लिए 15 लाख रुपए, जलापूर्ति के कार्यों के लिए 2 करोड़ 28 लाख रुपए, स्ट्रीट लाइट के कार्यों के लिए 2 करोड़ 26 लाख 41 हजार रुपए, पुल के कार्यों के लिए 2 करोड़ 19 लाख 52 हजार रुपए तथा अन्य भौतिक ढांचागत विकास कार्यों के लिए 7 करोड़ 76 लाख 7 हजार 681 रुपए मंजूर किए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने जूनागढ़ महानगर पालिका के अलावा जामनगर जिले की ध्रोल नगर पालिका में स्वर्णिम जयंती मुख्यमंत्री शहरी विकास योजना के अंतर्गत अनूठी पहचान के कार्यों के लिए 3.43 करोड़ रुपए के कार्यों को सैद्धांतिक मंजूरी दी है। स्वीकृत किए गए इन 3.43 करोड़ रुपए में से 2.95 करोड़ रुपए ध्रोल नगर के कमला नेहरू पार्क में एम्यूजमेंट पार्क बिल्डिंग के लिए, 44.80 लाख रुपए बगीचा विकसित करने के लिए तथा 3.11 लाख रुपए पार्क में टॉयलेट ब्लॉक के निर्माण के लिए उपयोग में लिए जाएंगे। उल्लेखनीय है कि स्वर्णिम जयंती मुख्यमंत्री शहरी विकास योजना के अंतर्गत राज्य की 8 महानगर पालिकाओं को वर्ष 2022-23 के लिए बुनियादी ढांचा के विकास कार्यों के लिए कुल 1917 करोड़ रुपए आवंटित करने का प्रावधान हाल ही में सुनिश्चित किया गया है।
मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने इन आठ महानगरों में आबादी के आधार पर ढांचागत विकास कार्यों के लिए गुजरात म्युनिसिपल फाइनेंस बोर्ड (जीएमएफबी) के मार्फत रकम आवंटित करने का निर्णय किया है। जिसके अनुसार 1917 करोड़ रुपए में से अहमदाबाद महानगर पालिका को 710 करोड़ रुपए, सूरत को 580 करोड़ रुपए, वडोदरा को 218 करोड़ रुपए, राजकोट को 172 करोड़ रुपए, भावनगर को 80 करोड़ रुपए, जामनगर को 76 करोड़ रुपए, जूनागढ़ को 40 करोड़ रुपए और गांधीनगर को 41 करोड़ रुपए आवंटित किए जाएंगे। ज्ञात हो कि स्वर्णिम जयंती मुख्यमंत्री शहरी विकास योजना के तहत बुनियादी ढांचा सुविधा के विकास कार्य, अनूठी पहचान के कार्य, निजी सोसायटी जनभागीदारी कार्य, मुख्यमंत्री शहरी सड़क योजना और शहरी बस परिवहन सुविधा आदि के लिए राज्य सरकार महानगर पालिकाओं और नगर पालिकाओं को धन आवंटित करती है।
मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने हाल ही में इस योजना के तहत राज्य की 156 नगर पालिकाओं को बुनियादी ढांचा विकास के विभिन्न कार्यों के लिए गुजरात म्युनिसिपल फाइनेंस बोर्ड के मार्फत वर्ष 2022-23 के लिए कुल 379 करोड़ रुपए का आवंटन सुनिश्चित किया है। जिसके अनुसार ‘अ’ श्रेणी की 22 नगर पालिकाओं को 110 करोड़ रुपए, ‘ब’ श्रेणी की 30 नगर पालिकाओं को 90 करोड़ रुपए, ‘क’ श्रेणी की 60 नगर पालिकाओं को 135 करोड़ रुपए तथा ‘ड’ श्रेणी की 44 नगर पालिकाओं को 44 करोड़ रुपए का आवंटन किया जाएगा।
Tags: 0