गुजरात : अहमदाबाद, मेहसाणा, राजकोट सहित जिलों में लू का अलर्ट, 43 डिग्री के पार पहुंच सकता है पारा

गुजरात : अहमदाबाद, मेहसाणा, राजकोट सहित जिलों में लू का अलर्ट, 43 डिग्री के पार पहुंच सकता है पारा

मार्च में औसत अधिकतम तापमान 1901 के बाद से सामान्य से 1.86 डिग्री सेल्सियस अधिक था

भारत में इस साल रिकॉर्ड तोड़ गर्मी देखने को मिल रही है। 1901 के बाद यह पहला मौका है जब देश के कई शहरों में पारा 40 के पार पहुंचा है। आईएमडी के मुताबिक, गुजरात समेत 9 राज्यों में लू चलने की आशंका है, जिससे सामान्य जनजीवन प्रभावित होगा। मार्च में औसत अधिकतम तापमान 1901 के बाद से सामान्य से 1.86 डिग्री सेल्सियस अधिक था।
अहमदाबाद समेत राज्य में चार अप्रैल तक लू चलने का अनुमान है। जिसमें पारा 43 डिग्री के पार रहने की संभावना है। सबसे बुरी तरह प्रभावित क्षेत्र उत्तर गुजरात में अहमदाबाद, गांधीनगर, बनासकांठा, साबरकांठा, पाटन, मेहसाणा और सौराष्ट्र के राजकोट, गिर सोमनाथ, बोटाद, सुरेंद्रनगर, अमरेली और कच्छ जिले हैं। वर्ष 2018 में  26 मार्च को 41.5 डिग्री, 27 मार्च 2019 को 40 डिग्री, 5 अप्रैल 2020 को 40.6 डिग्री और 27 मार्च 2021 को 40.4 डिग्री था। 2022 में 13 मार्च को पारा 40.1 डिग्री और 14 मार्च को 40 डिग्री पर पहुंच गया था।
आईएमडी ने नौ राज्यों में अलर्ट जारी करते हुए कहा है कि अगले कुछ दिनों में मध्य प्रदेश, राजस्थान, पूर्वी यूपी, छत्तीसगढ़, हरियाणा, दिल्ली, गुजरात, झारखंड और विदर्भ में हिटवेव हो सकती है। विभाग ने इस दौरान जनता से सावधानी बरतने की अपील की है। राष्ट्रीय राजधानी में 4 से 8 अप्रैल के बीच तापमान 40 से 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की उम्मीद है।
स्काईमेट के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के कम प्रभाव के कारण उत्तर भारत में हवा की गति में गिरावट आई है। जिससे तापमान बढ़ जाता है। पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव इस साल मार्च के तीसरे सप्ताह में समाप्त हो गया है। इससे उत्तर और मध्य भारत में समय से पहले गर्मी की लहर दौड़ गई। इस कारण से, इस वर्ष मार्च में, लगातार शुष्क और गर्म, पछुआ हवाएँ चल रही थीं।
 आप भीषण गर्मी से बचने के लिए  दोपहर के समय घर से न निकलें। हालांकि, अगर बाहर जाना अनिवार्य है, तो सूती कपड़े पहनें, मुंह, सिर और आंखों को ढकने के लिए ठंडा रूमाल, टोपी, चश्मा आदि पहनें। शरीर में पानी की मात्रा को बनाए रखने के लिए अधिक से अधिक पानी पीते रहें। साथ ही छाछ, लस्सी, नींबू पानी, नारियल पानी, ग्लूकोज पानी का ज्यादा इस्तेमाल करें।
Tags: Ahmedabad