
गुजरात : 14 से 23 मार्च, तक राजधानी के संस्कृति कुंज में होगा सुर, संगीत और कला का सुगम समन्वय
By Loktej
On
मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के करकमलों द्वारा वसंतोत्सव का होगा उद्धाटन, खेल-कूद-युवा-सांस्कृतिक विभाग के राज्य मंत्री हर्ष संघवी रहेंगे उपस्थित
प्रसिद्ध कलाकार प्रतिदिन देंगे लोकसंगीत और साहित्य कार्यक्रमों की प्रस्तुति, हस्तशिल्प की वस्तुओं की ख़रीदारी के साथ खान-पान का लुत्फ उठा पाएंगे
राजधानी के कला प्रेमी जिसका आतुरता पूर्वक इंतज़ार करते हैं, ऐसे गांधीनगर की पहचान बन चुके वंसतोत्सव का राज्य के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल द्वारा खेल-कूद, युवा और सांस्कृतिक प्रवृति विभाग के राज्य मंत्री हर्ष संघवी की उपस्थिति में 14 मार्च 2022 को सायं 7 बजे से आरंभ होगा। इस अवसर पर खेल-कूद, युवा तथा सांस्कृतिक विभाग के प्रधान सचिव अश्विनी कुमार विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। उल्लेखनीय है कि वसंतोत्सव वर्ष 1996 से गांधीनगर स्थित संस्कृति कुंज में आयोजित होने वाला सांस्कृतिक लोकउत्सव है। इस उत्सव में देश और राज्य के विभिन्न प्रसिद्ध लोक नृत्यों का प्रदर्शन किया जाता है। इसके उपरांत गुजरात की लुप्तप्रायः कला नट मंडली (नट-बजाणीया), बहुरूपी आदि लोक कला, उत्तर गुजरात के विभिन्न लोक नृत्य और लुप्त हो रहे वाद्य यंत्रो द्वारा संगीत प्रस्तुत किए जाते हैं।
इस वर्ष वसंतोत्सव-2022 में भारत के 10 राज्यों द्वारा विभिन्न प्रसिद्ध सांस्कृतिक लोकनृत्य प्रस्तुत किए जाएंगे। जिसमें प्रथम पांच दिन राजस्थान, हरियाणा, छत्तीसगढ़, ओडिशा और जम्मू-कश्मीर राज्य द्वारा और उसके बाद पाँच दिनों तक पंजाब, सिक्किम, असम, पश्चिम बंगाल और मणिपुर राज्य द्वारा अलग-अलग प्रसिद्ध क्षेत्रीय नृत्य प्रस्तुत किए जाएंगे।
गुजरात के प्रसिद्ध शास्त्रीय नृत्य कलाकारों द्वारा गणेश वंदना, विभिन्न प्रसिद्ध ग्रुप द्वारा परंपरागत नृत्यों की प्रस्तुति, राज्य सरकार द्वारा आयोजित होने वाली नवरात्रि प्रतियोगिता में प्राचीन, आधुनिक गरबा और रास की स्पर्धा में प्रथम, द्वितीय, और तृतीय क्रम के विजेता वृंद द्वारा प्रस्तुति दी जाएगी। साथ ही तूरी-बारोट समाज के मंडलों की ओर से लुप्त हो रही विभिन्न लोकनृत्य और आदिवासी ग्रुप द्वारा विभिन्न आदिवासी नृत्यों की प्रस्तुति की जाएगी। इसके उपरांत प्रति दिन गुजराती लोक संगीत के रत्न समान गुजरात के सुप्रसिद्ध गायकों, कलाकारों द्वारा लोकगीत भी प्रस्तुत किए जाएंगे। इसमें 14 मार्च 2022 को वसंतोत्सव के प्रथम दिवस अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त गुजराती लोक-संगीत के विख्यात कलाकार ओसमाण मीर लोक-गीत प्रस्तुत करेंगे।
उल्लेखनीय है कि कोविड महामारी के कारण उत्सव-मेलों का आयोजन नहीं हो पाया था, ऐसे में वसंतोत्सव-2022 राज्य के उत्सव प्रिय नागरिकों के लिए विशेष बन जाएगा। संस्कृति कुंज में प्रति वर्ष की तरह इस वर्ष भी देसी हाट की शैली में स्टॉल खड़े किए गए जाएंगे। इनमें हस्तशिल्प कारीगरों द्वारा तैयार की गई कलात्मक चीज-वस्तुओं की प्रदर्शनी और बिक्री की जाएगी। यहाँ से राजधानी के लोग अपनी मनपसंद लुप्तप्रायः कलात्मक वस्तुओं की ख़रीदारी करने के साथ खान-पान के बाज़ार में गुजरात के विभिन्न प्रांत के पकवान का लुत्फ़ उठा पाएंगे।
इस बार वसंतोत्सव में पोर्ट्रेट रंगोली और रेत शिल्प के कलाकारों द्वारा प्रतिदिन नवीनतम विषय के साथ रेत शिल्प का सृजन किया जाएगा, जो राजधानी के कला प्रेमियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा। संस्कृति कुंज में आयोजित वसंतोत्सव में दोपहर 2 बजे प्रवेश दिया जाएगा, जबकि सांस्कृतिक कार्यक्रम सायं 7 बजे से रात्रि 10 बजे तक आयोजित होगा। राज्य के खेल-कूद, युवा और सांस्कृतिक विभाग के मार्गदर्शन और युवा सेवा सांस्कृतिक विभाग के आयुक्त कार्यालय के समन्वय से आयोजित इस कार्यक्रम में पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र (उदयपुर) का भी सहयोग है।
Tags: