कर्नाटक के मांड्या में सेल्फी का खौफनाक अंत: कावेरी नदी में डूबने से एक ही परिवार की चार महिलाओं समेत पांच लोगों की मौत

कर्नाटक के मांड्या में सेल्फी का खौफनाक अंत: कावेरी नदी में डूबने से एक ही परिवार की चार महिलाओं समेत पांच लोगों की मौत

मांड्या, 25 जून (वेब वार्ता)। कर्नाटक के मांड्या स्थित मुत्ताथी पर्यटन स्थल पर बुधवार को एक बड़ा दर्दनाक हादसा हुआ। बेंगलुरु से आए एक परिवार के सदस्य कावेरी नदी के किनारे सेल्फी ले रहे थे, तभी अचानक पैर फिसलने से चार महिलाएं गहरे पानी में गिर गईं। उन्हें बचाने के प्रयास में कार चालक भी नदी के तेज बहाव की चपेट में आ गया, जिससे पांचों लोगों की डूबने से मौत हो गई।

परिवार में पसरा मातम

मृतकों में चन्नापटना तालुक की विजयम्मा, उनकी दो बेटियां प्रियंका व श्वेता, पोती चैत्रा और ड्राइवर महेश शामिल हैं। यह परिवार कब्बालु मंदिर में पारंपरिक दावत के बाद मुत्ताथी घूमने आया था।

स्थानीय गोताखोरों की मदद से देर शाम सभी पांचों शवों को पानी से बाहर निकाला गया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है और पीड़ित परिवार गहरे सदमे में है।

पुलिस की विस्तृत जांच

सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। मांड्या पुलिस अधीक्षक वी.जे. शोभा रानी ने बताया कि इस मामले में हलगुरु पुलिस स्टेशन में केस दर्ज कर लिया गया है।

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि पानी के बहाव का अंदाजा न होने के कारण यह हादसा हुआ। पुलिस शवों का पोस्टमार्टम करवाकर उन्हें परिजनों को सौंप रही है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है।

Tags: Karnataka

Related Posts