तमिलनाडु के सीफूड प्लांट में अमोनिया गैस रिसाव से मचा कोहराम, हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर हुई 9
चेन्नई, 23 जून (वेब वार्ता)। तमिलनाडु के तिरुवल्लूर जिले स्थित कनिगईपायर गांव में एक निजी सीफूड फैक्ट्री में अमोनिया गैस लीक होने से बड़ा हादसा हो गया है। झींगा प्रोसेसिंग प्लांट में कूलिंग पाइप फटने से जहरीली गैस पूरे परिसर में फैल गई, जिससे लगभग 80 कर्मचारी प्रभावित हुए। देखते ही देखते कई श्रमिक बेहोश होकर गिर पड़े, जिसके बाद तत्काल बचाव कार्य शुरू कर उन्हें अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
मौतों का आंकड़ा बढ़ा
इस दर्दनाक हादसे में अब तक 9 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। प्रभावित लोगों में असम, ओडिशा, झारखंड और तमिलनाडु के श्रमिक शामिल थे। वर्तमान में 67 मरीजों का विभिन्न सरकारी और निजी अस्पतालों में उपचार चल रहा है, जिनमें से कई की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है। प्रशासन ने हादसे के कारणों की जांच के लिए विशेष दल का गठन किया है।
घायलों का चल रहा उपचार
अस्पताल के सूत्रों के अनुसार, गैस के संपर्क में आने वाले पीड़ितों को सांस लेने में भारी तकलीफ, आंखों में जलन और श्वसन नली में संक्रमण जैसी समस्याएं हो रही हैं। गंभीर रूप से बीमार मरीजों को आईसीयू में रखा गया है। जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और पुलिस की टीम लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
