फीफा वर्ल्ड कप 2026: 12 जून से शुरू होगा फुटबॉल का महाकुंभ

जानें भारत में लाइव प्रसारण, फ्री मैच और पूरा शेड्यूल

फीफा वर्ल्ड कप 2026: 12 जून से शुरू होगा फुटबॉल का महाकुंभ

भोपाल, 10 जून (वेब वार्ता)। फुटबॉल प्रेमियों का इंतजार खत्म हो गया है, क्योंकि फीफा वर्ल्ड कप 2026 का बिगुल बज चुका है। अमेरिका, मेक्सिको और कनाडा द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित यह टूर्नामेंट इतिहास का सबसे बड़ा संस्करण होगा, जिसमें पहली बार 48 टीमें हिस्सा ले रही हैं।

कुल 104 मैचों वाले इस महाकुंभ की शुरुआत 12 जून को मेक्सिको और दक्षिण अफ्रीका के बीच ओपनिंग मैच से होगी और फाइनल मुकाबला 20 जुलाई को अमेरिका के न्यूजर्सी में खेला जाएगा।

भारत में लाइव स्ट्रीमिंग और फ्री प्रसारण
भारत में फीफा वर्ल्ड कप 2026 का प्रसारण ‘Unite8 Sports’ नेटवर्क के चैनलों पर किया जाएगा। हिंदी कमेंट्री के लिए ‘Unite8 Sports 1’ (HD/SD) और इंग्लिश के लिए ‘Unite8 Sports 2’ (HD/SD) चैनल उपलब्ध होंगे, जबकि लाइव स्ट्रीमिंग ‘Zee5’ ऐप और वेबसाइट पर होगी।

प्रशंसकों के लिए राहत की बात यह है कि टूर्नामेंट के 8 प्रमुख मैच—ओपनिंग मैच, चार क्वार्टर फाइनल, दो सेमीफाइनल और फाइनल—डीडी स्पोर्ट्स (DD Sports) पर बिल्कुल फ्री में देखे जा सकेंगे।

टूर्नामेंट का विस्तृत शेड्यूल
टूर्नामेंट में 12 ग्रुप बनाए गए हैं, जिनमें से हर ग्रुप की टॉप दो टीमें और तीसरे स्थान पर रहने वाली आठ सर्वश्रेष्ठ टीमें नॉकआउट स्टेज में जगह बनाएंगी। ग्रुप स्टेज के मुकाबले 28 जून तक चलेंगे।

इसके बाद 29 जून से 4 जुलाई तक ‘राउंड ऑफ 32’, 4 से 8 जुलाई तक ‘राउंड ऑफ 16’, 10 से 12 जुलाई तक क्वार्टर फाइनल और 15-16 जुलाई को सेमीफाइनल मैच खेले जाएंगे। तीसरे स्थान का मुकाबला 19 जुलाई को मियामी में निर्धारित है।