मानसून की बढ़ी रफ्तार: अगले 3 दिनों में महाराष्ट्र, कर्नाटक और गोवा पहुंचने के आसार; केरल में भारी बारिश का अलर्ट
नई दिल्ली, 06 जून (वेब वार्ता)। दक्षिण-पश्चिम मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है और अगले दो से तीन दिनों में इसके कर्नाटक, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, गोवा तथा बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों तक पहुंचने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार अनुकूल परिस्थितियों के चलते मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है, जिससे देश के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने के संकेत हैं।
मानसून की इस सक्रियता का सबसे अधिक असर फिलहाल केरल में देखने को मिल रहा है, जहां आगामी दो दिनों के दौरान बारिश और तेज होने के आसार हैं।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अगले सात दिनों में राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में 7 से 20 सेंटीमीटर तक भारी से अत्यधिक भारी वर्षा की संभावना व्यक्त की है। कई स्थानों पर पहले ही 12 से 20 सेंटीमीटर तक बारिश दर्ज की जा चुकी है।
मौसम विभाग ने 6 और 7 जून को भी केरल के कई जिलों में भारी वर्षा का पूर्वानुमान जारी किया है। लगातार हो रही बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव, स्थानीय बाढ़, नदियों के जलस्तर में वृद्धि और पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है।
विशेष रूप से संवेदनशील और भूस्खलन-प्रभावित क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। प्रशासन और आपदा प्रबंधन एजेंसियां स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं तथा आवश्यकतानुसार चेतावनी और परामर्श जारी किए जा रहे हैं।
अधिकारियों ने नागरिकों से मौसम संबंधी अपडेट पर ध्यान देने और सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
