स्टॉक मार्केट में फ्लैट एंट्री के बाद याश्वी ज्वेलर्स के शेयरों में आई तेजी, मुनाफे में आईपीओ निवेशक
नई दिल्ली, 02 जून (वेब वार्ता)। यशस्वी ब्रांड नेम से गोल्ड ज्वेलरी सेक्टर के लिए काम करने वाली कंपनी याश्वी ज्वेलर्स के शेयरों ने आज स्टॉक मार्केट में फ्लैट एंट्री करके अपने आईपीओ निवेशकों को निराश कर दिया। हालांकि बाद में शेयरों में शुरू हुई खरीदारी से आईपीओ निवेशकों के चेहरे खिल गए।
आईपीओ के तहत कंपनी के शेयर 83 रुपये के भाव पर जारी किए गए थे। आज बीएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म पर इसकी लिस्टिंग बिना किसी उतार चढ़ाव के 83 रुपये के स्तर पर ही हुई।
फ्लैट लिस्टिंग के बाद खरीदारों ने लिवाली शुरू कर दी, जिससे ये शेयर उछल कर 87 रुपये के स्तर तक पहुंच गया। बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच पहले एक घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे ये शेयर 86.19 रुपये के स्तर पर कारोबार कर रहे थे। इस तरह अभी तक के कारोबार के बाद कंपनी के आईपीओ निवेशक 3.84 प्रतिशत के फायदे में थे।
याश्वी ज्वेलर्स का 43.88 करोड़ रुपये का आईपीओ 25 से 27 मई के बीच सब्सक्रिप्शन के लिए खुला था। इस आईपीओ को निवेशकों की ओर से एवरेज रिस्पॉन्स मिला था, जिसके कारण ये ओवरऑल 5.64 गुना सब्सक्राइब हुआ था।
इनमें नॉन इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (एनआईआई) के लिए रिजर्व पोर्शन में 3.40 गुना सब्सक्रिप्शन आया था। इसी तरह रिटेल इन्वेस्टर्स के लिए रिजर्व पोर्शन 1.76 गुना सब्सक्राइब हो सका था।
इस आईपीओ के तहत 10 रुपये फेस वैल्यू वाले 52,86,400 नए शेयर जारी किए गए हैं। आईपीओ के जरिये जुटाए गए पैसे का इस्तेमाल कंपनी अपने पुराने कर्ज के बोझ को कम करने, वर्किंग कैपिटल की जरूरतों को पूरा करने और आम कॉरपोरेट उद्देश्यों में करेगी।
याश्वी ज्वेलर्स की वित्तीय स्थिति की बात करें तो कैपिटल मार्केट रेगुलेटर सेबी के पास जमा कराए गए ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (डीआरएचपी) में किए गए दावे के मुताबिक इसकी वित्तीय सेहत लगातार मजबूत हुई है।
वित्त वर्ष 2023-24 में कंपनी को 1.96 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ था, जो अगले वित्त वर्ष 2024-25 में बढ़ कर 11.28 करोड़ रुपये और वित्त वर्ष 2025-26 में उछल कर 18.28 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया।
