वडोदरा : रेलकर्मी ने पेश की ईमानदारी की मिसाल, ट्रैक पर मिला बैग कैश सहित लौटाया
बैग की जांच करने पर उसमें लगभग रु.1,30,000 नकद, मोबाइल फोन, कपड़े एवं अन्य आवश्यक सामान पाया गया
पश्चिम रेलवे के वडोदरा मंडल के गोधरा–वडोदरा रेलखंड पर इंजीनियरिंग विभाग में कार्यरत की-मैन सलीम खान ने अपनी ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा एवं मानवता का परिचय देते हुए एक यात्री का खोया हुआ बैग सुरक्षित लौटाकर उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य किया।
पश्चिम रेलवे के जनसम्पर्क अधिकारी अनुभव सक्सेना द्वारा जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार पश्चिम रेलवे के वडोदरा मंडल के अंतर्गत वडोदरा-गोधरा सेक्शन पर दिनांक 30 अप्रैल 2026 को ट्रेन संख्या 19165 से वाराणसी जा रहे यात्री दीपक यादव का बैग डेरोल–खरसालिया स्टेशन के मध्य कहीं गिर गया था। सुपरवाइजर द्वारा उन्हें इसे ढूंढने का कार्य दिया गया और अपनी ट्रैक निरीक्षण ड्यूटी के दौरान यह बैग खरसालिया के की-मैन सलीम खान को मिला। बैग की जांच करने पर उसमें लगभग रु.1,30,000 नकद, मोबाइल फोन, कपड़े एवं अन्य आवश्यक सामान पाया गया।
सलीम खान ने पूर्ण ईमानदारी एवं जिम्मेदारी का परिचय देते हुए कैश राशि सहित बैग एवं अन्य बहुमूल्य सामान संबंधित यात्री को सुपरवाइजर के सामने सुरक्षित रूप से उन्हें वापस सौंप दिया। सलीम खान द्वारा प्रदर्शित यह सत्यनिष्ठा एवं कर्तव्यपरायणता न केवल रेलवे कर्मचारियों की सकारात्मक कार्यसंस्कृति को दर्शाती है, बल्कि भारतीय रेल के प्रति लोगों के विश्वास को भी और मजबूत करती है।
