सूरत : ब्रह्माकुमारीज़ का स्वर्ण जयंती समारोह “प्रभु शरणम्” भव्य रूप से संपन्न
राजयोगिनी बी.के. रंजन दीदी की 50 वर्षों की सेवा यात्रा का हुआ सम्मान, हजारों श्रद्धालु रहे उपस्थित
ब्रह्माकुमारी विश्व विद्यालय के सूरत, वलसाड और बारडोली सब-ज़ोन द्वारा आयोजित “प्रभु शरणम्” स्वर्ण जयंती समारोह 26 अप्रैल, रविवार को सायं 5 बजे से सूरत के जहांगीरपुरा स्थित मधुवन फार्म में भव्य रूप से संपन्न हुआ। यह आयोजन क्षेत्रीय संचालिका राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी रंजन दीदी के सम्मान में रखा गया।
इस अवसर पर सूरत से प्रारंभ हुई रंजन दीदी की आध्यात्मिक सेवा यात्रा के 50 वर्ष पूर्ण होने का उत्सव मनाया गया, जिसमें विश्व विद्यालय के 2000 से अधिक भाई-बहनों ने सहभागिता की। समारोह में आध्यात्मिक ऊर्जा और भक्ति का विशेष माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम में विशेष रूप से मेहसाणा की क्षेत्रीय संचालिका एवं कृषि व ग्राम विकास प्रभाग की अध्यक्षा राजयोगिनी सरलादीदी उपस्थित रहीं। उन्होंने अपने आशीर्वचनों के माध्यम से उपस्थित जनसमूह को आध्यात्मिक जीवन की दिशा में प्रेरित किया।

समारोह में विशिष्ट अतिथियों के रूप में निलेशभाई मांडेलवाला (अध्यक्ष, डोनेट लाइफ), अस्मिताबेन शिरोया (पूर्व महापौर, सूरत) तथा मनहरभाई लापसीवाला (अध्यक्ष, मोढवणिक समाज) की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम की शुरुआत आध्यात्मिक संगीत संध्या से हुई, जिसमें दिल्ली के म्यूज़िक डायरेक्टर, कंपोज़र एवं गायक ब्रह्माकुमार चांद बजाजभाई ने भजनों की मनमोहक प्रस्तुति दी। इस दौरान 150 से अधिक लोकिक परिवार के सदस्यों ने भी समारोह में भाग लेकर दीदी की सेवा यात्रा के प्रति सम्मान व्यक्त किया। 50 वर्षों की सेवा यात्रा के प्रेरणादायक दृश्यों को स्क्रीन पर प्रदर्शित किया गया, जिसने सभी को भाव-विभोर कर दिया।
कार्यक्रम में बी.के. फाल्गुनीबहन ने शब्दों के माध्यम से अतिथियों का स्वागत किया, जबकि ब्रह्माकुमारी कांताबेन (दमन) ने मंच संचालन का दायित्व कुशलता से निभाया। अंत में सभी उपस्थितजनों के लिए ब्रह्मा भोजन की व्यवस्था की गई, जिसके साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
