चुनावी दौरे के बीच झालमुड़ी स्टॉप: पीएम मोदी का हल्का-फुल्का अंदाज, फिर तेज हुए सियासी तेवर
झाड़ग्राम, 20 अप्रैल (वेब वार्ता)। पश्चिम बंगाल के चुनावी माहौल के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक अलग ही रूप देखने को मिला, जब उन्होंने अपने व्यस्त प्रचार कार्यक्रम के दौरान अचानक सड़क किनारे रुककर स्थानीय स्वाद का आनंद लिया।
प्रचार यात्रा के दौरान उनका काफिला एक छोटे से झालमुड़ी स्टॉल के पास थम गया।
पीएम मोदी सीधे दुकानदार के पास पहुंचे और उससे स्थानीय शैली में झालमुड़ी बनाने को कहा। इस दौरान उन्होंने दुकानदार से सहज अंदाज में बातचीत की और कीमत भी खुद पूछी।
बातचीत के दौरान जब दुकानदार ने पूछा कि क्या वे प्याज खाते हैं, तो मोदी ने मुस्कुराते हुए जवाब दिया प्याज खाता हूं, लेकिन किसी का दिमाग नहीं। उनका यह जवाब सुनकर आसपास मौजूद लोग ठहाके लगाने लगे।
प्रधानमंत्री ने न सिर्फ खुद झालमुड़ी का स्वाद लिया, बल्कि वहां मौजूद बच्चों के साथ भी इसे साझा किया, जिससे माहौल और भी अपनापन भरा हो गया।
हालांकि यह हल्का-फुल्का पड़ाव कुछ ही देर में राजनीतिक रंग लेता नजर आया, क्योंकि इसके बाद पीएम मोदी ने अपनी सभा में विपक्ष पर तीखे प्रहार भी किए।
