SAI तक पहुंची कोच की काली करतूतें? नीरज चोपड़ा और सुमित अंतिल ने लगाए शोषण के आरोप, किए चौंकाने वाले खुलासे
नई दिल्ली, 18 अप्रैल (वेब वार्ता)। नीरज चोपड़ा और सुमित अंतिल ने जैवलिन कोच नवल सिंह पर मानसिक उत्पीड़न और गाली-गलौज के गंभीर आरोप लगाए हैं। SAI को सौंपी गई शिकायत में कोच के व्यवहार का खुलासा हुआ है।
एथलेटिक्स में खासकर जैवलिन थ्रो के जरिए भारत ने हाल के वर्षों में बड़ी पहचान बनाई है, जिसमें नीरज चोपड़ा की अहम भूमिका रही है। उनके साथ ही पैरालंपिक में सुमित आंतिल ने लगातार दो गोल्ड मेडल जीतकर इस खेल को देश में और लोकप्रिय बना दिया।
लेकिन अब इन दोनों स्टार खिलाड़ियों ने एक भारतीय जैवलिन कोच पर गंभीर आरोप लगाकर खेल जगत में हलचल मचा दी है। नीरज चोपड़ा, सुमित अंतिल और कुछ अन्य खिलाड़ियों ने कोच नवल सिंह पर मानसिक उत्पीड़न और अभद्र भाषा के इस्तेमाल के आरोप लगाए हैं।
खिलाड़ियों को गाली-गलौज का आरोप
एक रिपोर्ट के अनुसार, इन खिलाड़ियों ने Sports Authority of India (SAI) को लिखित शिकायत सौंपी है। इसमें आरोप है कि नवल सिंह शराब के नशे में खिलाड़ियों को गाली-गलौज से भरे वॉयस मैसेज भेजते हैं। शिकायत में यह भी कहा गया है कि वह खिलाड़ियों के साथ-साथ उनके परिवारों के लिए भी आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करते हैं।
सुमित अंतिल ने की शिकायत
इस मामले में मुख्य शिकायतकर्ता सुमित अंतिल हैं, जिन्होंने पहले भी SAI और पैरालंपिक Committee of India के सामने यह मुद्दा उठाया था। लेकिन कार्रवाई न होने पर उन्होंने 10 अप्रैल को औपचारिक लिखित शिकायत दर्ज कराई।
सुमित ने कहा कि वह विवाद से दूर रहना चाहते हैं, लेकिन बार-बार हो रही घटनाओं के कारण उन्हें यह कदम उठाना पड़ा।
वहीं Neeraj Chopra ने भी सुमित के आरोपों का समर्थन करते हुए कोच के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि इस तरह की भाषा और व्यवहार न सिर्फ अनुचित है, बल्कि बेहद शर्मनाक और गैर-पेशेवर भी है।
साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि खिलाड़ियों और उनके परिवारों के प्रति इस तरह का रवैया खेल भावना और शिष्टाचार के खिलाफ है।
