ट्रंप की ईरान को विनाशकारी सैन्य कार्रवाई की खुली चेतावनी
डील न होने पर होगी भीषण बमबारी, वैश्विक तनाव के बीच सोने और चांदी की कीमतों ने रचा नया इतिहास
वॉशिंगटन/नई दिल्ली, 18 अप्रैल (वेब वार्ता)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के खिलाफ अब तक का सबसे कड़ा रुख अपनाते हुए ‘फाइनल अल्टीमेटम’ जारी किया है।
एयर फोर्स वन में पत्रकारों से चर्चा के दौरान ट्रंप ने स्पष्ट किया कि 21 अप्रैल की डेडलाइन के बाद सीजफायर की अवधि किसी भी हाल में आगे नहीं बढ़ाई जाएगी।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय तक कोई ठोस परमाणु समझौता नहीं होता है, तो अमेरिका ईरान पर फिर से भीषण बमबारी शुरू कर देगा।
ट्रंप ने यह भी साफ किया कि होर्मुज जलडमरूमध्य में अमेरिकी नौसेना की नाकेबंदी जारी रहेगी, ताकि ईरान की अर्थव्यवस्था पर दबाव बना रहे और उसे बातचीत के लिए मजबूर किया जा सके।
इस भीषण तनाव को कम करने के लिए पूरी दुनिया की नजरें अब पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद पर टिकी हैं, जहाँ सोमवार से शांति वार्ता का नया दौर शुरू होने वाला है।
कूटनीतिक सूत्रों के मुताबिक, दोनों देशों के प्रतिनिधिमंडल रविवार शाम तक इस्लामाबाद पहुँच जाएंगे। ट्रंप ने एक तरफ सैन्य कार्रवाई की धमकी दी है, तो दूसरी तरफ समझौता होने पर व्हाइट हाउस में जश्न की बात भी कही है।
हालांकि, ईरान ने अमेरिकी मंशा पर संदेह जताया है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि सोमवार की यह बैठक विफल रहती है, तो 21 अप्रैल के बाद क्षेत्र में एक बड़े सैन्य टकराव को टालना नामुमकिन हो सकता है।
वैश्विक स्तर पर युद्ध के मंडराते बादलों ने भारतीय सराफा बाजार में तहलका मचा दिया है। अनिश्चितता के माहौल में सुरक्षित निवेश के लिए निवेशकों की बढ़ती भीड़ के कारण सोने और चांदी की कीमतों ने आज ऐतिहासिक शिखर को छू लिया है।
देश भर के बाजारों में 24 कैरेट सोने का भाव 1,55,780 रुपये प्रति 10 ग्राम के रिकॉर्ड स्तर पर पहुँच गया है। वहीं, चांदी ने भी लंबी छलांग लगाते हुए 2,75,000 रुपये प्रति किलो का नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
बाजार विश्लेषकों का कहना है कि जब तक मिडिल ईस्ट में शांति बहाली के स्पष्ट संकेत नहीं मिलते, तब तक कीमती धातुओं में यह तेजी जारी रह सकती है।
