सूरत :  भीषण गर्मी में शहरवासियों को राहत: दोपहर में ट्रैफिक सिग्नल रहेंगे बंद

1 से 4 बजे तक ब्लिंकिंग मोड पर सिग्नल, ट्रैफिक पुलिसकर्मी संभालेंगे व्यवस्था; टू-व्हीलर चालकों के लिए शेड की सुविधा

सूरत :  भीषण गर्मी में शहरवासियों को राहत: दोपहर में ट्रैफिक सिग्नल रहेंगे बंद

सूरत। सूरत शहर में 39.8 डिग्री की भीषण गर्मी के बीच ट्रैफिक पुलिस ने नागरिकों को राहत देने के लिए अहम निर्णय लिया है। 15 अप्रैल से शहर की प्रमुख सड़कों पर दोपहर 1 बजे से शाम 4 बजे तक ट्रैफिक सिग्नल बंद रखे जाएंगे। इस दौरान जिन चौराहों पर ट्रैफिक कम रहेगा, वहां सिग्नल ब्लिंकिंग मोड पर संचालित होंगे।

ट्रैफिक पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस व्यवस्था के दौरान सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। शहर के प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर ट्रैफिक पुलिसकर्मी और ट्रैफिक ब्रिगेड के सदस्य तैनात रहेंगे, जो वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित करेंगे और दुर्घटनाओं से बचाव सुनिश्चित करेंगे।

इसके साथ ही, तेज धूप से राहत देने के लिए शहर की चार मुख्य सड़कों पर टू-व्हीलर चालकों के लिए आर्टिफिशियल शेड भी बनाए गए हैं। इन शेड्स के नीचे बाइक सवार धूप से बच सकेंगे।

 पुलिस ने चार पहिया वाहन चालकों से अपील की है कि वे दोपहिया चालकों को प्राथमिकता देते हुए उन्हें शेड के नीचे खड़े होने दें, ताकि हीटस्ट्रोक जैसी समस्याओं से बचाव हो सके।

ट्रैफिक पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे इस दौरान स्वेच्छा से ट्रैफिक नियमों का पालन करें और सड़क पार करते समय सतर्कता बरतें। पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करने से ट्रैफिक व्यवस्था सुचारू बनी रहेगी।

गौरतलब है कि सूरत में पिछले कुछ दिनों से तापमान लगातार बढ़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार 14 अप्रैल को अधिकतम तापमान 39.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो अगले दिनों में बढ़ने का पूर्वानुमान है।

दोपहर के समय पारा 40 डिग्री के करीब पहुंचने से सड़कों पर हीटवेव जैसी स्थिति बन रही है, जिससे खासकर दोपहिया चालकों के लिए जोखिम बढ़ गया है।

Tags: Surat