चेन्नई को रौंदकर टॉप पर पहुंची बेंगलुरु, लगातार तीसरी हार के बाद चेन्नई पर मंडरा रहा खतरा

चेन्नई को रौंदकर टॉप पर पहुंची बेंगलुरु, लगातार तीसरी हार के बाद चेन्नई पर मंडरा रहा खतरा

नई दिल्ली, 06 अप्रैल (वेब वार्ता)। आरसीबी ने सीएसके को 43 रनों से हराकर प्वॉइंट्स टेबल में पहला स्थान हासिल किया। टिम डेविड और पडीक्कल के अर्धशतकों की बदौलत बेंगलुरु की लगातार दूसरी जीत, चेन्नई सबसे नीचे।

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने रविवार को अपने होम ग्राउंड पर आईपीएल 2026 के 11वें मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) को 43 रनों से हराकर शानदार जीत दर्ज की।

बेंगलुरु की यह सीजन की दूसरी जीत है, जबकि चेन्नई की यह लगातार तीसरी हार है। इस जीत के साथ ही बेंगलुरु अंक तालिका में टॉप पर पहुंच गई है। वहीं, चेन्नई सुपर किंग्स का नेट रन रेट बहुत खराब हो गया है, जो अब उसे कठिन स्थिति में डाल रहा है।

आरसीबी ने अपने होम ग्राउंड पर धमाकेदार जीत के बाद प्वॉइंट्स टेबल में टॉप स्थान हासिल किया है।

बेंगलुरु के 2 मैचों में 2 जीत के बाद 4 अंक हो गए हैं, और उनका नेट रन रेट +2.501 का है। बेंगलुरु ने पहले हैदराबाद के खिलाफ 6 विकेट से जीत दर्ज की थी। इसके अलावा, दूसरे स्थान पर राजस्थान रॉयल्स, तीसरे पर दिल्ली कैपिटल्स और चौथे पर पंजाब किंग्स हैं, जिनके भी 4-4 अंक हैं। ये सभी टीमें 2-2 मैच खेल चुकी हैं, लेकिन नेट रन रेट के आधार पर उनकी स्थिति अलग-अलग है।

चेन्नई सुपर किंग्स ने इस सीजन में लगातार तीसरी हार का सामना किया है। हालांकि, उसके पास 11 मैच अभी बाकी हैं, और सीजन लंबा है। लेकिन सबसे बड़ी समस्या उसका नेट रन रेट है, जो -2.517 है, जो सभी टीमों में सबसे खराब है।

चेन्नई को अपने बचे हुए मैचों में ज्यादा से ज्यादा जीत दर्ज करनी होगी और बड़े अंतर से जीतकर अपने नेट रन रेट को सुधारने की कोशिश करनी होगी। फिलहाल, वह अंक तालिका में सबसे नीचे है।

RCB ने चेन्नई को 43 रनों से हराया। इस जीत में टिम डेविड (नाबाद 70) और देवदत्त पडीक्कल (50 रन) के शानदार अर्धशतकों के साथ गेंदबाजों का भी बेहतरीन प्रदर्शन रहा।

बेंगलुरु ने 3 विकेट पर 250 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। पडीक्कल (29 गेंद, 5 चौके, 2 छक्के) और डेविड (25 गेंद, 3 चौके, 8 छक्के) ने धमाकेदार हिटिंग की। कप्तान रजत पाटीदार ने 19 गेंदों में एक चौका और छह छक्कों के  साथ नाबाद 48 रन बनाए, जबकि फिल सॉल्ट ने 30 गेंदों में 46 रन बनाए, जिसमें 3 चौके और 2 छक्के शामिल थे।

चेन्नई की टीम लक्ष्य का पीछा करते हुए शीर्ष क्रम के चरमराने से उबर नहीं सकी। हालांकि, सरफराज खान ने 50 रन की पारी खेली, लेकिन वह अकेले ही टीम को जीत दिलाने में नाकाम रहे।

चेन्नई की टीम 19.4 ओवर में 207 रन पर सिमट गई। सरफराज के अलावा प्रशांत वीर ने 43 रन और जेमी ओवरटन ने 37 रन बनाए।