नासिक में भीषण सड़क हादसा, कार कुएं में गिरने से एक ही परिवार के 9 लोगों की दर्दनाक मौत

नासिक में भीषण सड़क हादसा, कार कुएं में गिरने से एक ही परिवार के 9 लोगों की दर्दनाक मौत

नासिक, 04 अप्रैल (वेब वार्ता)। महाराष्ट्र के नासिक जिले के डिंडोरी तालुका में शुक्रवार देर रात एक हृदयविदारक दुर्घटना सामने आई है, जिसमें छह छात्रों सहित नौ लोगों की जान चली गई।

जानकारी के अनुसार, शिवाजीनगर इलाके के एक वेडिंग वेन्यू में निजी कोचिंग क्लास द्वारा आयोजित ‘सोशल गैदरिंग’ कार्यक्रम खत्म होने के बाद दरगोड़े परिवार अपनी अर्टिगा कार से घर वापस लौट रहा था।

रात करीब 10:00 बजे मैरिज हॉल के पास ही स्थित एक खेत के खुले कुएं में अनियंत्रित होकर कार जा गिरी। इस भयानक हादसे में कार सवार सभी नौ लोग पानी से भरे गहरे कुएं में समा गए, जिससे पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई और देखते ही देखते खुशियों का माहौल गहरे मातम में बदल गया।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्राम पंचायत की फायर ब्रिगेड, पुलिस और डिजास्टर मैनेजमेंट की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं। हालांकि, कुएं में पानी का स्तर अधिक होने के कारण बचाव कार्य में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

अंधेरे और गहरे पानी की वजह से राहत कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी, जिसके बाद देर रात एक बड़ी क्रेन की मदद से कार को कुएं से बाहर निकाला गया।

तब तक कार में सवार सभी लोगों की सांसें थम चुकी थीं। पुलिस इंस्पेक्टर भगवान मथुरे ने बताया कि मृतकों में सुनील दरगोड़े, राखी, आशा, सृष्टि, श्रेयश, माधुरी, समृद्धि, रेशमा और श्रावणी शामिल हैं। इन सभी के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है।

इस दर्दनाक घटना ने मैरिज गार्डन और सार्वजनिक आयोजनों के पास सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि कुएं के चारों ओर मुंडेर या सुरक्षा घेरा न होने के कारण अंधेरे में चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका।

नासिक जिला प्रशासन ने मामले की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं ताकि हादसे की सही वजहों का पता लगाया जा सके। मुख्यमंत्री कार्यालय ने भी इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है और पीड़ित परिवार के प्रति संवेदनाएं जताई हैं।

शनिवार सुबह से ही डिंडोरी पुलिस स्टेशन के बाहर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा है, जो जिम्मेदार लोगों पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Related Posts