सूरत : कतारगाम के सिंगनपोर में कचरे के ढेर से बढ़ा स्वास्थ्य संकट, नगर निगम पर लापरवाही के आरोप
ट्रांसफर स्टेशन के बाहर फैला कचरा, बदबू और ट्रैफिक जाम से स्थानीय लोग परेशान
सूरत। देश के सबसे स्वच्छ शहरों में शुमार सूरत में नगर निगम की लापरवाही के कारण कुछ इलाकों में सफाई व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। कतारगाम जोन के सिंगनपोर स्थित सॉलिड वेस्ट ट्रांसफर स्टेशन के आसपास कचरे के ढेर लगने से स्थानीय लोगों की सेहत पर खतरा मंडरा रहा है, वहीं ट्रैफिक व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है।
जानकारी के अनुसार, वेड रोड पर स्थित इस ट्रांसफर स्टेशन के पास लंबे समय से कचरा जमा हो रहा है। स्टेशन की दीवार से सटे कचरे के ढेर अब सड़क तक फैल गए हैं, जिससे गाड़ियों की आवाजाही में बाधा उत्पन्न हो रही है। वाहनों के गुजरने से कचरा सड़क पर फैलकर स्थिति को और गंभीर बना रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां खुले में पड़े कचरे से तेज बदबू फैल रही है और मक्खी-मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है, जिससे बीमारियों का खतरा भी बढ़ रहा है। इसके अलावा, सड़क पर फैले कचरे के कारण अक्सर ट्रैफिक जाम की स्थिति बनती है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
गौरतलब है कि सूरत नगर निगम द्वारा शहर की सफाई और कचरा प्रबंधन पर हर साल करोड़ों रुपये खर्च किए जाते हैं। इसके बावजूद इस तरह की स्थिति नगर निगम की कार्यप्रणाली और मॉनिटरिंग सिस्टम पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से इस समस्या का जल्द समाधान करने की मांग की है, ताकि क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था बहाल हो सके और लोगों को राहत मिल सके।
