बिना सही जानकारी के सुरक्षा नहीं बल्कि खुद एक खतरा साबित हो रहा सीसीटीवी कैमरा
नई दिल्ली, 01 अप्रैल (वेब वार्ता)। देशभर में घरों और सार्वजनिक स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों का इस्तेमाल तेजी बढ़ा है। सुरक्षा को मजबूत बनाने के मकसद से लोग अपने घरों, दुकानों और दफ्तरों में सीसीटीवी कैमरे लगवा रहे हैं। हालांकि, विशेषज्ञों का मानना है कि बिना सही जानकारी और सुरक्षा उपायों के इस्तेमाल किए सीसीटीवी कैमरे खुद बड़ा खतरा हैं।
बीते कुछ वर्षों में सीसीटीवी कैमरों की कीमतों में भारी गिरावट आई है, इससे इनकी पहुंच लोगों तक हो गई है। लेकिन सस्ते और अनब्रांडेड कैमरों की बढ़ती बिक्री ने डेटा सुरक्षा और प्राइवेसी को लेकर चिंता पैदा कर दी हैं। कई मामलों में सामने आया हैं कि इन कैमरों का हार्डवेयर और सॉफ्टवेयर पूरी तरह सुरक्षित नहीं होता और उपयोगकर्ताओं की निजी रिकॉर्डिंग्स बाहरी सर्वरों तक पहुंच सकती हैं।
विशेषज्ञ बताते हैं कि सबसे बड़ी समस्या डिफॉल्ट पासवर्ड को न बदलना है। अधिकतर लोग इंस्टॉलेशन के बाद कैमरे का पासवर्ड वैसा ही छोड़ देते हैं, जिससे कोई भी व्यक्ति आसानी से कैमरे तक पहुंच बना सकता है। इसके अलावा, कई बार इंस्टॉलेशन करने वाले तकनीशियन के पास भी लॉगिन एक्सेस बना रहता है, जो भविष्य में दुरुपयोग का कारण बन सकता है। फर्मवेयर अपडेट को नजरअंदाज करना भी बड़ी गलती है। कंपनियां समय-समय पर सुरक्षा सुधार के लिए अपडेट जारी करती हैं, लेकिन उपयोगकर्ता इन्हें इंस्टॉल नहीं करते। इससे कैमरे साइबर हमलों के प्रति अधिक संवेदनशील होते हैं।
सुरक्षा एजेंसियों ने भी इस मुद्दे पर चिंता जाहिर की है। हाल के कुछ मामलों में यह सामने आया कि संवेदनशील स्थानों पर लगे कैमरों का डेटा बाहरी स्रोतों तक पहुंच रहा था। इसतरह के घटनाक्रम यह संकेत देते हैं कि यदि समय रहते सावधानी नहीं बरती गई, तब यह समस्या गंभीर रूप ले सकती है।
विशेषज्ञों के अनुसार, सुरक्षित उपयोग के लिए कुछ जरूरी कदम उठाना आवश्यक है। सबसे पहले, कैमरे का डिफॉल्ट पासवर्ड तुरंत बदलकर मजबूत पासवर्ड सेट करे। कैमरे के एप और अकाउंट का नियंत्रण केवल उपयोगकर्ता के पास होना चाहिए। इसके अलावा, विश्वसनीय ब्रांड का चयन करना और यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि डेटा कहां स्टोर हो रहा है। कैमरे को अलग वाई-फाई नेटवर्क पर चलाना और अनावश्यक रिमोट एक्सेस को बंद रखना भी सुरक्षा को बढ़ाता है। साथ ही, निजी स्थानों जैसे बेडरूम या बाथरूम में कैमरे लगाने से बचना चाहिए।
विशेषज्ञों का कहना है कि सीसीटीवी कैमरे सुरक्षा का मजबूत माध्यम बन सकते हैं, लेकिन इसके लिए जागरूकता और सावधानी जरूरी है। सही तरीके से इस्तेमाल करने पर यह सुरक्षा का कवच हैं, वहीं लापरवाही बरतने पर यही उपकरण प्राइवेसी के लिए सबसे बड़ा खतरा बन सकते हैं।
