‘धुरंधर 2’ की ऐतिहासिक सफलता के बीच बर्थडे पार्टी में एक साथ दिखे शाहरुख-रणवीर और संजय दत्त
सोशल मीडिया पर वायरल हुई सितारों की ‘महा-एपिक’ इनसाइड तस्वीरें
मुंबई, 30 मार्च (वेब वार्ता)। मुंबई में आयोजित बीजेपी नेता मोहित कंबोज की बेटी मिशका कंबोज की बर्थडे पार्टी में बॉलीवुड के दिग्गजों का जमावड़ा लगा, जिसने इंटरनेट पर तहलका मचा दिया है।
संजय दत्त की पत्नी मान्यता दत्त ने इंस्टाग्राम पर इस ‘एपिक’ रात की झलकियां साझा की हैं, जिसमें एक ही फ्रेम में सुपरस्टार शाहरुख खान, रणवीर सिंह, शिल्पा शेट्टी और मान्यता दत्त पोज देते नजर आ रहे हैं।
इस खास मौके पर शाहरुख खान ब्लैक आउटफिट और कूल सनग्लासेज में बेहद डैपर लग रहे थे, वहीं रणवीर सिंह ने ऑल-ब्लैक लेदर जैकेट और बकेट हैट के साथ अपना सिग्नेचर स्टाइल फ्लॉन्ट किया।
पार्टी का सबसे यादगार पल तब आया जब रणवीर सिंह ने अपनी ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘धुरंधर’ का टाइटल ट्रैक गाना शुरू किया। जल्द ही उनके को-स्टार संजय दत्त भी स्टेज पर उनके साथ शामिल हो गए, जिससे माहौल पूरी तरह बदल गया।
वीडियो में दोनों सितारों की केमिस्ट्री और मस्ती साफ देखी जा सकती है। ‘धुरंधर: द रिवेंज’ की यह जादुई जोड़ी न केवल ऑन-स्क्रीन बल्कि ऑफ-स्क्रीन भी दर्शकों का दिल जीत रही है।
पार्टी में मौजूद अन्य मेहमानों ने भी इस संगीतमय जुगलबंदी का जमकर लुत्फ उठाया और वीडियो सोशल मीडिया पर जंगल की आग की तरह फैल गया है।
यह जश्न केवल जन्मदिन का नहीं बल्कि ‘धुरंधर 2’ की ऐतिहासिक सफलता का भी था। आदित्य धर के निर्देशन में बनी इस जासूसी थ्रिलर ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 847 करोड़ रुपये और दुनियाभर में 1360 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई कर ली है।
19 मार्च को रिलीज हुई इस फिल्म में रणवीर सिंह (हमजा) और संजय दत्त (SP चौधरी असलम) के किरदारों को जनता का अपार प्यार मिल रहा है।
फिल्म की पूरी टीम वर्तमान में बॉलीवुड के दूसरे सबसे बड़े पायदान पर पहुंचने का आनंद ले रही है, जिसने ‘जवान’ और ‘पुष्पा 2’ जैसी फिल्मों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है।
