सूरत में भाजपा का दक्षिण ज़ोन चुनाव मंथन, संगठन को जीत के लिए किया सक्रिय

जगदीश विश्वकर्मा और सी.आर. पाटिल की मौजूदगी में रणनीति तय, ‘मन की बात टिफिन मीटिंग’ कल

सूरत में भाजपा का दक्षिण ज़ोन चुनाव मंथन, संगठन को जीत के लिए किया सक्रिय

सूरत। आगामी स्थानीय स्वशासन चुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने साउथ गुजरात में अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में सूरत के सरसाना स्थित प्लैटिनम हॉल में साउथ ज़ोन के लिए एक महत्वपूर्ण चुनावी मंथन बैठक आयोजित की गई, जिसमें पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं को दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में प्रदेश अध्यक्ष जगदिश विश्वकर्मा, केंद्रीय मंत्री सी.आर. पाटील, गोरधन झडपिया और राज्य महासचिव  प्रशांत कोराट सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। सभी नेताओं ने चुनावी रणनीति पर चर्चा करते हुए कार्यकर्ताओं को जीत के लिए तैयार रहने का आह्वान किया।

बैठक में सूरत महानगर समेत दक्षिण गुजरात के आठ जिलों—सूरत, तापी, नर्मदा, भरूच, वलसाड, डांग और नवसारी—के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। करीब एक हजार कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में चुनावी तैयारियों, संगठनात्मक मजबूती और बूथ स्तर तक पहुंच बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।

नेताओं ने स्थानीय पदाधिकारियों से क्षेत्रवार तैयारियों और मौजूदा राजनीतिक स्थिति की जानकारी भी ली। बंद कमरे में नए चुनावी समीकरणों और रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई, साथ ही स्थानीय निकाय चुनावों में 100 प्रतिशत जीत का भरोसा जताया गया।

राज्य महासचिव प्रशांत कोराट ने बताया कि पार्टी प्रदेश स्तर पर सभी ज़ोन में बैठकें आयोजित कर रही है। साउथ ज़ोन के बाद सेंट्रल, सौराष्ट्र और नॉर्थ ज़ोन में भी इसी तरह की बैठकों का आयोजन किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और भुपेन्द्र पटेल के नेतृत्व में राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ आम जनता तक पहुंचाया जा रहा है। पार्टी कार्यकर्ता इन उपलब्धियों को लेकर जनता के बीच जाएंगे।

इसी कड़ी में 29 मार्च को ‘मन की बात टिफिन मीटिंग’ का आयोजन किया जाएगा, जिसमें राज्यभर के 600 से अधिक मंडलों में कार्यकर्ता एक साथ कार्यक्रम सुनेंगे। हर बूथ से कम से कम पांच कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित की गई है।

इसके अलावा, 5 अप्रैल को पार्टी द्वारा ‘महासंपर्क अभियान’ चलाया जाएगा, जिसके तहत बूथ स्तर के कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों से संपर्क करेंगे और आगामी चुनावों के लिए समर्थन जुटाएंगे। 

इस तरह भारतीय जनता पार्टी ने साउथ गुजरात में चुनावी बिगुल बजाते हुए संगठन को सक्रिय कर दिया है और कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भरने की कोशिश शुरू कर दी है।