सूरत : आचार्य महाप्रज्ञ नॉलेज सेंटर का होलिस्टिक कैंप: बच्चों को दी जीवन जीने की नई दिशा

5 दिवसीय शिविर में विद्यार्थियों ने सीखी आत्मविश्वास, समय प्रबंधन और भावनात्मक संतुलन की अहम बातें

सूरत : आचार्य महाप्रज्ञ नॉलेज सेंटर का होलिस्टिक कैंप: बच्चों को दी जीवन जीने की नई दिशा

आज के प्रतिस्पर्धात्मक दौर में, जहाँ शिक्षा अक्सर केवल अंकों तक सीमित रह जाती है, वहीं वेसू स्थित हाईफील्ड एस्कॉट में तेरापंथ प्रोफेशनल फोरम द्वारा संचालित “आचार्य महाप्रज्ञ नॉलेज सेंटर, सूरत” ने एक अनूठी पहल करते हुए यह साबित किया कि सच्ची शिक्षा वही है, जो जीवन को सही दिशा दे। इसी उद्देश्य के साथ कक्षा 6 से 10 के विद्यार्थियों के लिए 5 दिवसीय होलिस्टिक कैंप का आयोजन किया गया, जिसने बच्चों के मन, सोच और व्यक्तित्व पर गहरा प्रभाव डाला।

कैंप का प्रत्येक दिन विद्यार्थियों के लिए नई सीख और अनुभव लेकर आया। पहले दिन विजन बोर्ड मेकिंग सत्र में सॉफ्ट स्किल ट्रेनर प्रतीक्षा डागा ने बच्चों को अपने सपनों को पहचानने और उन्हें साकार करने की दिशा दिखाई। इस दौरान बच्चों में अपने भविष्य को लेकर उत्साह और स्पष्टता देखने को मिली।

दूसरे दिन आयोजित ग्रैटिट्यूड और मेडिटेशन सत्र ने भावनात्मक रूप से सभी को छू लिया। सीए मेघना सुराणा और रेखा जैन ने विद्यार्थियों को आभार व्यक्त करने और आत्मिक शांति प्राप्त करने के महत्व को समझाया, जिससे कई बच्चों ने पहली बार खुद से जुड़ने का अनुभव किया।

तीसरे दिन एंगर मैनेजमेंट सत्र में रेनु नाहटा ने बच्चों को अपनी भावनाओं को समझने और उन्हें सकारात्मक दिशा में उपयोग करने की कला सिखाई। यह सत्र उनके लिए व्यावहारिक और जीवनभर उपयोगी साबित हुआ।

चौथे दिन टाइम मैनेजमेंट और डिजिटल डिटॉक्स पर मनीषा सेठिया ने विद्यार्थियों को समय के महत्व और डिजिटल संतुलन बनाए रखने की आवश्यकता के बारे में जागरूक किया, जो आज के दौर में बेहद प्रासंगिक है।

कैंप का समापन कॉन्फिडेंस बिल्डिंग और पॉजिटिव हैबिट्स सत्र के साथ हुआ, जिसमें युवा उद्यमी सीए जयंत खेतान ने बच्चों को आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने और सकारात्मक आदतें अपनाने के लिए प्रेरित किया। इस शिविर में 40 से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया। हालांकि संख्या से अधिक, बच्चों के चेहरों पर झलकता आत्मविश्वास, खुशी और संतोष इस आयोजन की सफलता का प्रमाण बना।

यह कैंप केवल एक शैक्षणिक गतिविधि नहीं, बल्कि एक ऐसा अनुभव रहा, जिसने विद्यार्थियों को स्वयं को समझने, अपने सपनों को पहचानने और जीवन को बेहतर ढंग से जीने की प्रेरणा दी। आचार्य महाप्रज्ञ नॉलेज सेंटर, सूरत का यह प्रयास स्पष्ट करता है कि यहाँ शिक्षा केवल पढ़ाई तक सीमित नहीं, बल्कि बच्चों को जीवन के हर पहलू में सक्षम और सशक्त बनाने पर केंद्रित है।

Tags: Surat