सूरत :116 करोड़ के पुलिस प्रोजेक्ट्स का लोकार्पण व शिलान्यास
डिप्टी सीएम हर्ष संघवी की मौजूदगी में पुलिस क्वार्टर, घुड़सवारी स्कूल और अन्य सुविधाओं का शुभारंभ; पूरे राज्य में एकसमान फ्लैट अलॉटमेंट स्कीम की घोषणा
सूरत। शहर में पुलिस इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए डिप्टी चीफ मिनिस्टर हर्ष संघवी ने 116 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस मौके पर केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
गुजरात स्टेट पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन लिमिटेड द्वारा पिपलोद पुलिस लाइन्स में आयोजित कार्यक्रम के तहत पुलिस क्वार्टर, घुड़सवारी स्कूल, लाइब्रेरी, पुलिस स्टेशन और मरीन टास्क फोर्स के आवासीय एवं गैर-आवासीय प्रोजेक्ट्स का लोकार्पण व शिलान्यास किया गया।
घोषणा के अनुसार, पिपलोद पुलिस लाइन में 116 करोड़ रुपये की लागत से क्लास-बी के 192 क्वार्टर बनाए जाएंगे। इसके अलावा 55.53 करोड़ रुपये की लागत से घुड़सवारी स्कूल और लाइब्रेरी, रांदेर पुलिस लाइन में 7.30 करोड़ रुपये से 40 क्वार्टर, भेस्तान में 5.22 करोड़ रुपये से नया पुलिस स्टेशन और हजीरा में सहायक पुलिस आयुक्त कार्यालय का शिलान्यास किया गया।
साथ ही 43 करोड़ रुपये की लागत से मरीन टास्क फोर्स के भवन, लाजपोर सेंट्रल जेल में 3.69 करोड़ रुपये का सामुदायिक हॉल और 1.16 करोड़ रुपये की लागत से किचनर बैरक निर्माण की भी आधारशिला रखी गई।
इस अवसर पर डिप्टी सीएम हर्ष संघवी ने कहा कि पुलिस कर्मियों और उनके परिवारों को बेहतर जीवन सुविधा देना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि नए क्वार्टरों में लाइब्रेरी और आंगनवाड़ी जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे पुलिस परिवारों के जीवन स्तर में सुधार होगा।
उन्होंने यह भी घोषणा की कि राज्य सरकार पूरे गुजरात में पुलिस आवास के लिए एक समान ‘फ्लैट अलॉटमेंट स्कीम’ लागू करने जा रही है। इस स्कीम के तहत आवेदन की प्राथमिकता के आधार पर पारदर्शी तरीके से आवास आवंटित किए जाएंगे।
केंद्रीय मंत्री सी.आर. पाटिल ने कहा कि पिपलोद जैसे विकसित क्षेत्र में पुलिस कर्मियों के लिए आधुनिक सुविधाओं वाले आवास तैयार करना सराहनीय पहल है। उन्होंने पुलिस कर्मियों को आत्मनिर्भर बनने और भविष्य में अपने घर के लिए योजना बनाने की भी सलाह दी।
पुलिस कमिश्नर अनुपम सिंह गहलोत ने बताया कि इन प्रोजेक्ट्स में बेसमेंट पार्किंग, गैस लाइन, लाइब्रेरी और बच्चों के लिए अध्ययन सुविधाएं शामिल हैं, जिससे पुलिस परिवारों को बेहतर जीवन अनुभव मिलेगा।
कार्यक्रम में सांसद मुकेश दलाल, विधायक संदीप देसाई, मनुभाई पटेल सहित कई जनप्रतिनिधि, पुलिस अधिकारी, कर्मचारी और उनके परिवार बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
