इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में कंगना रनौत की मांग, बोलीं- महिलाओं की भागीदारी बढ़ाएं
नई दिल्ली, 26 मार्च (वेब वार्ता)। नई दिल्ली के भारत मंडपम में अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव का शानदार आगाज हो चुका है। यह महोत्सव 30 मार्च तक चलेगा, जिसमें देश-विदेश के कई बड़े कलाकार और फिल्मी हस्तियां शामिल हो रही हैं।
उद्घाटन समारोह में कंगना रनौत, हेमा मालिनी, विक्की कौशल, सान्या मल्होत्रा, सिद्धांत चतुर्वेदी और अनुपम खेर जैसे सितारे नजर आए।
समारोह में पहुंचीं भाजपा सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत ने सिनेमा में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि अगर महिलाओं को प्रोत्साहित नहीं किया जाएगा, तो हम उनके नजरिए को नहीं समझ पाएंगे। इसीलिए महिलाओं को प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। धीरे- धीरे, जिस तरह प्रधानमंत्री इसे राजनीति में ला रहे हैं।
कंगना रनौत का बयान
कंगना रनौत ने आगे कहा कि मुझे लगता है कि फिल्मों को भी महिलाओं के लिए मंच प्रदान करना चाहिए, चाहे वह फिल्म समारोहों के माध्यम से हो, स्टूडियो के समर्थन से हो या उनके संघर्षों को प्रदर्शित करके हो, भले ही वे छोटे ही क्यों न हों।
उन्हें किसी भी तरह से प्रोत्साहित करना एक बड़ा कदम होगा। कंगना रनौत का बयान इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जो सिनेमा में महिलाओं की भागीदारी को लेकर नई बहस को जन्म दे सकता है।
एआई को लेकर अरविंद स्वामी की राय
इस दौरान अभिनेता अरविंद स्वामी ने भी तकनीक के बदलते दौर पर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का भविष्य बहुत बड़ा है और आने वाले समय में फिल्म निर्माण का तरीका पूरी तरह बदल सकता है।
उनका मानना है कि भविष्य में एक व्यक्ति अकेले ही पूरी फीचर फिल्म बना सकता है, क्योंकि तकनीक तेजी से विकसित हो रही है।
दिग्गज कलाकारों को मिलेगा सम्मान
महोत्सव में दिवंगत अभिनेता धर्मेंद्र को विशेष श्रद्धांजलि दी जाएगी। साथ ही उन्हें लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से भी सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा दिग्गज अभिनेत्री शर्मिला टैगोर को भी लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से नवाजा जाएगा।
इस बात की जानकारी हेमा मालिनी ने साझा की।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस भव्य कार्यक्रम का उद्घाटन किया। पांच दिनों तक चलने वाले इस महोत्सव में सिनेमा जगत की कई बड़ी हस्तियां शामिल होंगी और फिल्मों के जरिए कला, संस्कृति और तकनीक का संगम देखने को मिलेगा।
