बेहद असरदार व्यायाम के फायदों के बारे में बताया शिल्पा शेट्टी ने
मुंबई, 26 मार्च (वेब वार्ता)। हाल ही में बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी ने इंस्टाग्राम पर एक नया फिटनेस वीडियो शेयर किया, जिसमें वह ‘रिवर्स हाइपर’ एक्सरसाइज करती नजर आ रही हैं।
शेयर किए गए वीडियो के माध्यम से उन्होंने इस कम चर्चित लेकिन बेहद असरदार व्यायाम के फायदों और सही तकनीक के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
शिल्पा ने इस एक्सरसाइज को अंडररेटेड बताते हुए कहा कि यह खास तौर पर ग्लूट्स यानी नितंब की मांसपेशियों को मजबूत बनाने के लिए बेहद उपयोगी है।
उन्होंने बताया कि रिवर्स हाइपर करते समय हिप एक्सटेंशन की प्रक्रिया के जरिए ग्लूटस मैक्सिमस मांसपेशी को प्रभावी ढंग से टारगेट किया जाता है, जिससे न सिर्फ ताकत बढ़ती है बल्कि शरीर का आकार भी बेहतर होता है।
अभिनेत्री के अनुसार, यह एक्सरसाइज लोअर बैक यानी कमर के निचले हिस्से के लिए भी सुरक्षित मानी जाती है। यह पोस्टीरियर चेन जिसमें पीठ, ग्लूट्स और हैमस्ट्रिंग्स शामिल होते हैं को मजबूत बनाती है और रीढ़ की हड्डी पर अतिरिक्त दबाव डाले बिना संतुलित ताकत विकसित करती है।
उन्होंने बताया कि जो लोग स्क्वाट्स और डेडलिफ्ट्स जैसी भारी एक्सरसाइज करते हैं, उनके लिए भी यह अभ्यास काफी फायदेमंद है, क्योंकि यह हिप एक्सटेंशन की ताकत बढ़ाने में मदद करता है।
शिल्पा ने यह भी कहा कि रिवर्स हाइपर एक्सरसाइज शरीर के संतुलन को बेहतर बनाती है और मांसपेशियों के बीच तालमेल स्थापित करती है। नियमित अभ्यास से लोअर बैक की जकड़न कम होती है और रक्त संचार बेहतर होता है, जिससे रीढ़ को बेहतर सपोर्ट मिलता है।
उन्होंने खास तौर पर इस बात पर जोर दिया कि इस एक्सरसाइज को नियंत्रित और सही तरीके से करना बेहद जरूरी है, तभी इसके पूरे लाभ मिलते हैं।
एक्ट्रेस ने इसे घर या जिम दोनों जगह आसानी से करने योग्य बताया। उन्होंने तरीका समझाते हुए कहा कि शरीर को ऊपर उठाते समय ग्लूट्स की ताकत का इस्तेमाल करें, ऊपर पहुंचकर 1 से 2 सेकंड तक रुकें और फिर धीरे-धीरे नीचे आएं। उन्होंने सलाह दी कि इस
एक्सरसाइज के 3 सेट में 15 से 18 रेप्स करने चाहिए, जिससे बेहतर परिणाम मिल सकते हैं। शिल्पा शेट्टी का यह वीडियो एक बार फिर दर्शाता है कि सही मार्गदर्शन और नियमित अभ्यास से फिट और स्वस्थ जीवनशैली अपनाना बिल्कुल संभव है।
बता दें कि शिल्पा अपनी फिटनेस और हेल्दी लाइफस्टाइल के लिए जानी जाती हैं। वह अक्सर सोशल मीडिया के जरिए फैंस को योग और व्यायाम के प्रति जागरूक करती रहती हैं।
