सूरत में पेट्रोल की कमी की अफवाह से हड़कंप, पंपों पर लंबी कतारें
पुलिस और प्रशासन ने संभाली स्थिति, पर्याप्त स्टॉक होने का दिया भरोसा
सूरत। शहर में सोशल मीडिया पर पेट्रोल की अचानक कमी की अफवाह ने सोमवार को अफरा-तफरी का माहौल पैदा कर दिया। इस अफवाह के चलते वराछा, कपोद्रा और हीराबाग जैसे व्यस्त इलाकों में पेट्रोल पंपों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। बड़ी संख्या में लोग घबराहट में पेट्रोल और डीज़ल भरवाने के लिए पंपों पर पहुंच गए, जिससे कई जगहों पर ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई।
कपोद्रा स्थित जियो पेट्रोल पंप पर हालात इतने बिगड़ गए कि पंप संचालकों को पुलिस की मदद लेनी पड़ी। भारी भीड़ के कारण व्यवस्था बनाए रखना चुनौतीपूर्ण हो गया। वहीं, हीराबाग क्षेत्र के एचपी पेट्रोल पंप पर भी सुबह से ही अफरा-तफरी का माहौल देखा गया, जहां लोगों को आधे से एक घंटे तक लाइन में इंतजार करना पड़ा।
स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए पुलिस और प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर लाउडस्पीकर के माध्यम से लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शहर में पेट्रोल और डीज़ल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और कमी की खबर पूरी तरह निराधार है।
प्रशासन ने नागरिकों से आग्रह किया है कि वे सोशल मीडिया पर फैल रही भ्रामक सूचनाओं पर विश्वास न करें और किसी भी प्रकार की अफवाह से बचें, ताकि अनावश्यक भीड़ और अव्यवस्था की स्थिति न उत्पन्न हो।
पेट्रोल-डीज़ल की कमी पर गुजरात सरकार की सफाई, अफवाहों से दूर रहने की अपील

राज्य में पर्याप्त बफर स्टॉक उपलब्ध, लंबी कतारें लगाने की जरूरत नहीं: मोना खांधार
सूरत। राज्य के विभिन्न शहरों में पेट्रोल और डीज़ल की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच गुजरात सरकार ने स्थिति स्पष्ट करते हुए लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। सरकार, इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (IOCL) और पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन द्वारा जारी संयुक्त बयान में कहा गया है कि राज्य में ईंधन की कोई कमी नहीं है और पर्याप्त मात्रा में पेट्रोल-डीज़ल उपलब्ध है।
फ़ूड एंड सिविल सप्लाई डिपार्टमेंट की एडिशनल चीफ़ सेक्रेटरी मोना खांधार ने बताया कि राज्य के सभी पेट्रोल पंपों पर पर्याप्त स्टॉक मौजूद है। उन्होंने स्पष्ट किया कि लोगों को घबराने या पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें लगाने की कोई आवश्यकता नहीं है। साथ ही राज्य के पास पर्याप्त ‘बफर स्टॉक’ भी उपलब्ध है, जिससे सप्लाई में किसी प्रकार की बाधा नहीं आएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि कुछ क्षेत्रों में ईंधन की कमी की खबरें पूरी तरह भ्रामक हैं। यदि कोई पेट्रोल पंप संचालक पर्याप्त स्टॉक होने के बावजूद पंप बंद रखता है या उपभोक्ताओं को परेशान करता है, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के स्टेट नोडल ऑफिसर और एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर संजीव बेहरा ने बताया कि गुजरात के सभी डिपो और टर्मिनलों में पर्याप्त मात्रा में ईंधन उपलब्ध है, जिससे उपभोक्ताओं को बिना किसी परेशानी के फ्यूल मिल सके।
पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष ने भी कहा कि तेल कंपनियों ने सप्लाई के समय और मात्रा दोनों में वृद्धि की है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों से बचें और अनावश्यक रूप से पेट्रोल पंपों पर भीड़ न लगाएं।
सरकार ने दोहराया है कि राज्य में वर्तमान और भविष्य में ईंधन की कोई कमी नहीं है और आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य बनी हुई है
