सूरत में 30 वार्ड की फाइनल वोटर लिस्ट जारी, 24.72 लाख मतदाता कर सकेंगे नाम की जांच
तापी भवन सहित 40 स्थानों पर वेरिफिकेशन की सुविधा, नाम छूटने पर रजिस्ट्रेशन का मौका
सूरत। सूरत में नगर निगम चुनावों को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। सूरत म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन के अंतर्गत आने वाले 30 वार्डों की फाइनल वोटर लिस्ट सोमवार, 23 मार्च को आधिकारिक रूप से जारी कर दी गई है।
नगर निगम के चुने हुए प्रतिनिधियों का कार्यकाल 11 मार्च को समाप्त होने के बाद अब चुनावी प्रक्रिया ने रफ्तार पकड़ ली है। म्युनिसिपल इलेक्शन ब्रांच द्वारा तैयार की गई इस सूची में शहर के करीब 24.72 लाख मतदाताओं को शामिल किया गया है।
इस सूची को तैयार करने के लिए करीब 20 अधिकारियों की टीम ने काम किया, जिसमें 15 कर्मचारी और दो असिस्टेंट इंजीनियर शामिल थे। टीम ने विधानसभा की मतदाता सूची के आधार पर वार्ड-वाइज नई सूची तैयार की है।
मतदाताओं की सुविधा के लिए प्रशासन ने शहर में कुल 40 स्थानों पर सूची उपलब्ध कराई है। नागरिक तापी भवन (तापीपुरा) सहित सभी वार्ड कार्यालयों और अन्य निर्धारित सार्वजनिक स्थानों पर जाकर अपने नाम और विवरण की जांच कर सकते हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी व्यक्ति का नाम विधानसभा की मतदाता सूची में दर्ज है, लेकिन नगर निगम की सूची में नहीं है, तो घबराने की आवश्यकता नहीं है। ऐसे नागरिक आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन कर अपना नाम जुड़वा सकते हैं।
वोटर लिस्ट जारी होने के साथ ही शहर में राजनीतिक गतिविधियां भी तेज हो गई हैं। जहां प्रशासन चुनाव की तैयारियों में जुटा है, वहीं विभिन्न राजनीतिक दलों ने भी अपनी रणनीति बनानी शुरू कर दी है।
