सूरत : सी.आर. पाटिल के जन्मदिवस पर फोस्टा का सेवा कार्यक्रम, 750 स्वच्छता कर्मियों को वस्त्र वितरित
मिलेनियम मार्केट-1 में आयोजित कार्यक्रम में टेक्सटाइल व्यापारियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं की रही बड़ी उपस्थिति
सूरत : फेडरेशन ऑफ सूरत ट्रेड एन्ड टेक्सटाइल एसोसिएशन (फोस्टा) द्वारा केंद्रीय जलशक्ति मंत्री एवं सूरत के सांसद सी. आर. पाटिल के जन्मदिवस के अवसर पर शनिवार को एक सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम शाम 6 बजे मिलेनियम मार्केट-1 परिसर में आयोजित हुआ, जो सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री सी.आर. पाटिल के हाथों लिम्बायत और सेंट्रल जोन के लगभग 750 स्वच्छता कर्मियों को वस्त्र वितरित किए गए। कार्यक्रम के माध्यम से शहर की स्वच्छता व्यवस्था में अहम भूमिका निभाने वाले सफाई कर्मियों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की गई।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में टेक्सटाइल व्यापारी, सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर सेवा कार्य के माध्यम से सी.आर. पाटिल का जन्मदिवस मनाया और उनके स्वस्थ, सुखी तथा दीर्घायु जीवन की कामना की।
फोस्टा के अध्यक्ष कैलाश हाकिम ने इस अवसर पर कहा कि समाज के लिए निरंतर कार्य करने वाले स्वच्छता प्रहरियों का सम्मान करना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सूरत को स्वच्छता के क्षेत्र में अग्रणी बनाए रखने में इन कर्मियों का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है।
उन्होंने यह भी बताया कि फोस्टा द्वारा भविष्य में भी ऐसे सेवा कार्यों का आयोजन किया जाता रहेगा। कार्यक्रम का सफल आयोजन फोस्टा के पदाधिकारियों, टेक्सटाइल व्यापारियों और सहयोगियों के संयुक्त प्रयास से संभव हो सका।
