सूरत : सूरत महानगर निगम के ‘श्री तापी भवन’ और ‘तापीपुरा’ नामकरण के फैसले का जीण माता सेवा संघ ने किया अभिनंदन
प्रतिनिधिमंडल तापी कलश लेकर पहुंचा मुख्यालय, मेयर और अधिकारियों को ओढ़ाई माता की चुनरी
सूरत। सूरत महानगर निगम के मुख्य कार्यालय मुगलसराय का नाम बदलकर ‘श्री तापी भवन’ तथा मुगलसराय क्षेत्र का नाम बदलकर ‘तापीपुरा’ करने के ऐतिहासिक निर्णय का अखिल भारतीय जीण माता सेवा संघ, सूरत के प्रतिनिधिमंडल ने उत्साह और हर्ष के साथ अभिनंदन किया।
संघ का प्रतिनिधिमंडल नगर निगम मुख्यालय पहुंचा और इस निर्णय को सूरत की सांस्कृतिक पहचान से जुड़ा बताते हुए इसकी सराहना की। संघ ने कहा कि मानसिक गुलामी की झलक देने वाले नामों को हटाकर माँ तापी को समर्पित नाम तापीपुरा और श्री तापी भवन रखना सराहनीय पहल है।
अपने सामाजिक दायित्व के तहत संघ के सदस्य राजेश काबरा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल तापी कलश लेकर श्री तापी भवन पहुंचा। इस दौरान सूरत के मेयरदक्षेश मावानी , स्थायी समिति के अध्यक्ष राजन पटेल, नगर आयुक्त एम. नागराजन, नगर नियोजन समिति के चेयरमैन नागर पटेल, स्लम इम्प्रूवमेंट समिति के चेयरमैन विजय चौमाल सहित कई जनप्रतिनिधियों और पार्षदों का माता की चुनरी ओढ़ाकर और पुष्प वर्षा कर सम्मान किया गया।
इस अवसर पर नगर आयुक्त एम. नागराजन ने जीण माता सेवा संघ की इस पहल की सराहना की और तापी माता के कलश को अपने कार्यालय में स्थापित किया।
बताया गया कि इस नामकरण के लिए वार्ड क्रमांक-19 के पार्षद विजय चौमाल द्वारा वर्ष 2018 से लगातार प्रयास किए जा रहे थे। इस महत्वपूर्ण कार्य के लिए जीण माता सेवा संघ ने उनका विशेष अभिनंदन भी किया।
कार्यक्रम के दौरान संघ के सदस्यों ने सूरत की अस्मिता और शहर की अधिष्ठात्री देवी तापी नदी के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए श्री तापी भवन में गंगा, नर्मदा और तापी तीनों पवित्र नदियों के जल से मुख्यालय में छिड़काव भी किया।
इस अवसर पर संघ के प्रतिनिधिमंडल में नमन खंडेलवाल, राजेंद्र राजपुरोहित, राजेश काबरा, नंदकिशोर मोहता, दिलीप पटेल और गोविंद जिंदल सहित अन्य सदस्यों का उल्लेखनीय योगदान रहा।
